फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: सीजेआई सूर्यकांत 10 जनवरी को आएंगे, हिसार बार में रखेंगे विकास कार्यों की आधारशिला

विज्ञापन
नई दिल्ली में हिसार बार के प्रधान संदीप बूरा व सचिव समीर भाटिया सीजेआई सूर्यकांत के साथ। संवाद
विज्ञापन
हिसार। नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने शपथ ग्रहण समारोह से पहले रविवार को हिसार बार के सदस्यों के साथ डिनर किया। इस दाैरान हिसार बार के प्रतिनिधिमंडल ने सीजेआई को हिसार आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। वे 10 जनवरी 2026 को हिसार आएंगे। जस्टिस सूर्यकांत हिसार बार में वकीलों के चैंबर का उद्घाटन, 500 गाड़ियों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग, हॉल और बार रूम के विस्तार की आधारशिला रखेंगे। सीजेआई के टूर प्रोग्राम का शेड्यूल उनके कार्यालय की ओर से जल्द ही जारी किया जाएगा।
विज्ञापन

यह ऐतिहासिक अवसर इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार हरियाणा से कोई व्यक्ति सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर पहुंचा है। सीजेआई ने हिसार बार के प्रधान संदीप बूरा की अध्यक्षता में गए प्रतिनिधिमंडल का न्योता स्वीकार किया और अनौपचारिक तौर पर सहमति भी दे दी। सीजेआई ने रविवार रात हिसार बार के प्रधान संदीप बूरा और सचिव समीर भाटिया के साथ स्पेशल डिनर पर चर्चा की और हिसार बार की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बाद में जस्टिस सूर्यकांत ने दोनों पदाधिकारियों के साथ फोटो भी कराया। हिसार बार के सचिव समीर भाटिया ने बताया कि बार एसोसिएशन शीघ्र ही औपचारिक प्रस्ताव पारित कर जस्टिस सूर्यकांत को निमंत्रण भेजेगा।
-

हिसार बार में लाइव प्रसारण और हवन यज्ञ
शपथ ग्रहण के दिन हिसार बार परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 9:30 बजे लिटिगेंट हॉल के निकट हवन यज्ञ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं ने न्यायमूर्ति सूर्यकांत के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल कार्यकाल की कामना करते हुए आहुतियां अर्पित कीं। सोमवार सुबह 10 बजे बार रूम में राष्ट्रपति भवन से हो रहे शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण बड़े स्क्रीन पर दिखाया गया। जैसे ही न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली, पूरा बार रूम तालियों, ढोल-नगाड़ों और जयघोषों से गूंज उठा। इस मौके को हिसार बार के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया गया।
विज्ञापन

स्वास्थ्य शिविर और सामाजिक कार्यक्रम
बार परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशाल स्वास्थ्य शिविर और कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रक्तदान, नेत्र और दंत जांच, मोतियाबिंद रोगियों का चयन, कृत्रिम अंग वितरण और निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बार के सदस्यों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी भाग लिया।
अधिवक्ताओं ने जताया गौरव और प्रेरणा
हिसार और हांसी के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने जस्टिस सूर्यकांत को उनके संघर्ष, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सराहा। अधिवक्ताओं ने उन्हें एक संतुलित, जनहितैषी और न्याय के मूल मूल्यों को सशक्त रूप से स्थापित करने वाले न्यायाधीश के रूप में वर्णित किया। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिवक्ता पीके संधीर, महेंद्र सिंह नैन, रोहित कलसन, अनेंद्र लोरा, रिंकू खटाना, आईना खोवाल, बजरंग इंदल, मंजीत खरोलिया, पंकज गुप्ता, हेमंत शर्मा, ललित, अभिषेक वर्मा, रोहताश, कार्तिक, बंसीलाल, मीनू शर्मा आदि शामिल रहे।
सीजेआई ने किया अधिवक्ताओं से संवाद
नए मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) माननीय जस्टिस सूर्यकांत ने अपने ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद हिसार-हांसी के अधिवक्ताओं से विशेष मुलाकात की। यह मुलाकात सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित हुई जिसमें दोनों बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। हिसार और हांसी बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सीजेआई सूर्यकांत को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि न्यायपालिका आम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए निरंतर सुधार और पारदर्शिता की दिशा में कार्य करती रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें