हांसी। दीपावली के मौके पर शहर में पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं और फायर ब्रिगेड को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ा दी है, फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक व नर्सों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है।
पुलिस:
पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और फायर ब्रिगेड आपस में तालमेल बनाकर काम करेंगे। बाजारों में भीड़ और जाम से निपटने के लिए दस जगहों पर बैरिकेडिंग की गई है, ताकि भारी वाहनों और चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोका जा सके। अन्य स्थानों पर गश्त बढ़ाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग:
नागरिक अस्पताल में दीपावली पर शाम व रात को दो-दो नर्सिंग ऑफिसर तैनात किए गए हैं। एसएमओ डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि आपातकालीन जले हुए मरीजों के लिए दवा और उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। नागरिक अस्पताल में दो एम्बुलेंस मौजूद हैं और दो अतिरिक्त एम्बुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चिकित्सक व स्टाफ को ऑन कॉल रखा गया है।
फायर ब्रिगेड:
दीपावली के चलते फायर ब्रिगेड के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। विभाग के पास चार वाहन हैं, जिनमें से दो की तैनाती राजकीय महाविद्यालय के पास पटाखों की स्टॉल के समीप की गई है। कर्मचारियों को 12-12 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी दी गई है और दमकल वाहनों को स्टैंडबाय मोड पर रखा गया है।
दमकल विभाग की सलाह
बच्चों को अकेले पटाखे न छुड़ाने दें।
आतिशबाजी करते समय पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
खुले दीपक ऐसी जगह न रखें जहां लकड़ी या अन्य ज्वलनशील सामग्री हो।
खुले पर्दे या अन्य सामान बाहरी हिस्से में न रखें।
आतिशबाजी करने वाले स्थान पर निकास खुला रखें।