हिसार।विद्यार्थियों को सम्मानित करते डॉ. एसएस ढाका व स्टाफ सदस्य। स्रोत : संस्था
हिसार। विश्व खाद्य दिवस के उपलक्ष्य में लाला लाजपत राय पशु-चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के दुग्ध विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय में ‘प्रतिभा खोज दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना था। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एसएस ढाका मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. शरणगौड़ा पाटिल ने की।
डॉ. पाटिल ने विद्यार्थियों को अपना कौशल निखारने के लिए प्रेरित किया। बीटेक (दुग्ध प्रौद्योगिकी) प्रथम वर्ष के छात्रों ने मनमोहक गीत, रैंप वॉक, भांगड़ा, हास्य नाटिका, हरियाणवी और पश्चिमी नृत्य की प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। द्वितीय वर्ष के छात्रों की ओर से प्रस्तुत गरबा नृत्य ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. एसएस ढाका ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।