अनाज मंडी के एक व्यापारी के पास लाखों की नकदी होने की सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने मौके पर जाकर व्यापारी को उठा लिया। व्यापारी के पास करीब सात लाख की नकदी मिली। व्यापारी ने बताया कि उसने चार अलग-अलग स्थानों से यह नकदी ली है। चारों स्थानों पर तसदीक करने के बाद पुलिस ने व्यापारी को छोड़ दिया।
किसी ने सीआईए वन को किसी ने सूचना दी कि अनाज मंडी में लाखों की नकदी का लेनदेन हो रहा है। सीआईए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अनाज मंडी में तेल का कारोबार करने वाले व्यापारी को उठा लिया। पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये की नकदी भी बरामद कर ली। जिसमें 100 व 50 के नोट शामिल थे। सीआईए ने व्यापारी से पूछा कि इतनी नकदी कहां से आई। व्यापारी ने कहा कि उसने यह नकदी चार अलग-अलग फर्म से हासिल की है। उसका पुराना हिसाब बकाया था। जिसकी यह नकदी वह लेकर आया है। व्यापारी ने उन चारों फर्म के नाम, मोबाइल नंबर तथा पते की जानकारी भी दी। सीआईए की टीम ने चारों स्थान पर तसदीक की। पूरी नकदी एक नंबर की साबित होने पर पुलिस ने व्यापारी को उसकी नकदी लौटते हुए छोड़ दिया। पुलिस ने किसी तरह का केस दर्ज नहीं किया।
हां हमारी टीम को सूचना मिली थी। पुलिस ने उससे पूछताछ की थी। पूछताछ में कुछ संदेह जनक नहीं मिला। नकदी सही साबित होने पर व्यापारी को छोड़ दिया गया।
- राजेंद्र कुमार मीणा, एसपी, हिसार।
सोशल मीडिया में वायरल
अनाज मंडी में व्यापारी से लाखों की नकदी की खबर कुछ मिनट में ही व्हाट्सएप पर वायरल हो गई। किसी ने 5 करोड़ की नकदी व्यापारी से पकडे़ जाने की सूचना दी। किसी ने 7 लाख, किसी ने 2 लाख की नकदी पकड़ने की अपडेट डाली।
हिसार में तीन बार पकड़ी नकदी
हिसार में नकदी का यह चौथा मामला था। सबसे पहले सूर्यनगर एरिया में पुलिस ने करीब साढ़े सात लाख रुपये कार में पकड़े थे। बाद में पुलिस ने इस मामले को आयकर विभाग को सौंप दिया था। इसके बाद चार्टर्ड प्लेन से 22 नवंबर को करीब 5.50 करोड़ रुपये दीमापुर भेजने का मामला सामने आया था। तीसरा केस 28 नवंबर की रात सिरसा बाईपास चुंगी पर पुलिस ने नैनो कार से 11.79 लाख बरामद किए थे।
चार्टर्ड प्लेन मामले में करोड़ों का खुलासा
हिसार से दीमापुर चार्टर्ड प्लेन से करोड़ों रुपये भेजने का खुलासा हो चुका है। 8 नवंबर को नोटबंदी के बाद 22 नवंबर तक कई बार चार्टर्ड प्लेन ने हिसार से उड़ान भरी थी। नागालैंड के दीमापुर का आयकर विभाग वहां करीब इस मामले में करीब साढे़ 11 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज कर चुका है। इस मामले में नागालैंड के राज्यसभा के पूर्व सदस्य के बेटे अनाटो का नाम सामने आया था। हिसार में इस मामले में डीएसपी भगवानदास को मामले की जांच सौंपी गई थी। पुलिस ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है।