हिसार। चौधरीवास गांव के पास गोरछी मार्ग पर रोहतक एसटीएफ टीम पर फायरिंग करने के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों गोरछी के प्रदीप और बासड़ा के संदीप से सीआईए पूछताछ कर रही है। सीआईए ने दोनों आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया हुआ है।
पूछताछ के दौरान पुलिस ये पता लगा रही है कि दोनों आरोपी रोहित गोदारा गैंग से कैसे जुड़े। इसके अलावा हथियार कहां से लेकर आए और पहले किस वारदात में शामिल रहे हैं। इसके अलावा गैंग के बाकी सदस्यों के बारे में भी गहनता से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि 11 जनवरी को रोहतक एसटीएफ की टीम बदमाशों के पीछे लगी हुई थी। एसटीएफ के निरीक्षक नरेंद्र पाल ने बताया था कि 5 जनवरी को भिवानी जिले के खरक गांव में जबरन वसूली और हत्या के प्रयास के मामले में शामिल आरोपियों का पीछा करते हुए चौधरीवास के पास पहुंचे थे। गोरछी मार्ग पर एक कार में सवार तीन बदमाशों को रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गोली यश के पांव में लगी और उसे वहीं दबोच लिया, जबकि कार में सवार उसके साथी प्रदीप और संदीप मौके से फरार हो गए थे।