हिसार। उकलाना बस स्टैंड के पास जनस्वास्थ्य विभाग की जमीन के लिए चल रहे विवाद की जांच के सिलसिले में मुख्यमंत्री उड़नदस्त ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस उप अधीक्षक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम ने जमीन से संबंधित तथ्यों और दस्तावेजों को खंगाला। बता दें कि इस जमीन पर श्री कृष्ण गोशाला की ओर से एक शेड का निर्माण किया गया था। अज्ञात व्यक्ति ने इस बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय को शिकायत भेजी थी।
शिकायत मिलने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने अपनी प्रक्रिया के तहत जमीन की निशानदेही करवाई। जांच में यह जमीन जनस्वास्थ्य विभाग की पाई गई, जिसके बाद श्रीकृष्ण गोशाला को नोटिस जारी किया। गोशाला प्रबंधन ने स्वेच्छा से शेड को हटाया। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने दीवार बनाकर पुनः कब्जा ले लिया। सीएम फ्लाइंग नेे डीएसपी कृष्ण कुमार, उप निरीक्षक राजेश कुमार तथा एएसआई सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में मौके पर पहुंची।
जमीन का निरीक्षण कर दोनों विभागों से दस्तावेज हासिल किए। निरीक्षण के समय श्रीकृष्ण गोशाला द्वारा बनाया गया शेड हटाया जा चुका था। जनस्वास्थ्य विभाग की बनाई दीवार बनी हुई थी। जिसकी जानकारी टीम को दी गई। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ आशीष गर्ग और नगर पालिका सचिव संदीप गर्ग ने जमीन से जुड़े दस्तावेज टीम को सौंपे।