सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते जिलाधीश महेंद्र पाल और एसपी सिद्धांत जैन।
हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को आदमपुर में प्रस्तावित कई कार्यक्रमों में शामिल होने आएंगे। इसके मद्देनजर जिलाधीश महेंद्र पाल और एसपी सिद्धांत जैन ने मंगलवार को उनके दौरे और कार्यक्रम से संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता उपाय किए।
इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर एयरपोर्ट समेत संबंधित कार्यक्रम स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष नियंत्रण क्षेत्र घोषित किया है। इन स्थलों के आसपास के क्षेत्र में बुधवार से वीरवार तक मानव रहित हवाई वाहनों (ड्रोन आदि) के संचालन एवं उड़ान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
जिलाधीश महेंद्र पाल ने एयरपोर्ट क्षेत्र और उसके आसपास के इलाके को ड्रोन नियम 2025 के तहत रेड जोन घोषित किया है। इस आदेशानुसार 3 व 4 जून तक एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति की ओर से ड्रोन अथवा अन्य मानव रहित हवाई वाहन उड़ाना प्रतिबंधित रहेगा।
यह आदेश कानून व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा सुनिश्चित करने, किसी भी संभावित खतरे की रोकथाम के उद्देश्य से जारी किया गया है। आदेश में जिलाधीश ने बताया कि आदेश की अवहेलना करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित अवधि के दौरान ड्रोन संचालन से संबंधित प्रतिबंधों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।