नारनौंद। शहर के पुराने बाजार में बुधवार सुबह स्कूटी को लात मारकर गिराने से शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर बाजार पहुंचे और दो दुकानों में तोड़फोड़ की।
दुकानदारों के अनुसार एक युवक स्कूटी पर बाजार से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने उसकी स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि कुछ देर बाद 5-6 युवक लाठी-डंडों और हथियारों के साथ बाजार में पहुंचे और दुकानों को निशाना बनाया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
बीच-बचाव करने पहुंचे मां-बेटे से भी मारपीट का आरोप
वार्ड-9 निवासी मौसमी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे बिरजू पाढ़ा का एक युवक स्कूटी पर लस्सी लेकर बाजार से जा रहा था। इसी दौरान साहिल उर्फ सुंडा और उसके साथियों ने स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया। मौसमी और उसके बेटे गौरव ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी दोबारा साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और बाजार में हंगामा करते हुए दुकानों में तोड़फोड़ की।
दो दुकानों में तोड़फोड़
महालक्ष्मी बूट हाउस के संचालक कृष्ण कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच कुछ युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की। घटना के बाद आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। गौरव आरती बर्तन स्टोर के मालिक हांसी निवासी हैप्पी की दुकान पर काम करता है। व्यापारियों के अनुसार तोड़फोड़ से दुकानदारों को नुकसान हुआ है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।
थाने पहुंचे व्यापारी, गिरफ्तारी का दिया अल्टीमेटम
घटना के बाद व्यापार मंडल नारनौंद के प्रधान प्रदीप ढांडा की अध्यक्षता में व्यापारी थाने पहुंचे। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। प्रदीप ढांडा, धर्मपाल मित्तल, नवीन, वीरेंद्र, प्रेम, बिट्टू, सुंदर कप्तान, काजल, रामदिया, कपिल, सन्नी रोहिल्ला, संजय, सुरेश, राजेश, राजेंद्र, बिजेंद्र, घनश्याम, सुभाष, अजमेर, बजरंग और मोहित ने कहा कि बाजार में मारपीट, चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि वीरवार सुबह 9 बजे तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद कर प्रदर्शन किया जाएगा।