गांव लखमीरवाला में शनिवार रात जहर के प्रभाव से महिला की मौत हो गई। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि षड्यंत्र के तहत उसकी बहन को जहर देकर मारा गया है।
पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति सहित तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
गांव लखमीरवाला निवासी सतीश की पत्नी रेनू को जहर के प्रभाव से बीती रात गंभीर हालात में निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मृतका के मायके वाले और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मृतका के भाई गांव बिरौली हाल आबाद रोहतक निवासी प्रेमचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन रेनू की शादी लगभग आठ साल पहले सतीश के साथ हुई थी। सतीश के गांव की ही एक दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध थे। जिसको लेकर रेनू और ससुरालीजनों के बीच तकरार होती थी।
बीती रात षड्यंत्र के तहत ससुराल वालों ने रेनू को जहरीला पदार्थ देकर मार डाला। पुलिस ने प्रेमचंद की शिकायत पर मृतका के पति सतीश, ससुर रामकुमार और सास राजवंती के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रामचंद्र ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।