डबवाली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में महिला चिकित्सक की कथित लापरवाही के चलते डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर बवाल काटा।
थाना शहर पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए के तहत मुकदमा दर्ज किया। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनाें को सौंप दिया गया।
गांव बणी निवासी अजय कुमार की पत्नी सुमित्रा देवी को परिजनों ने डिलीवरी के लिए सिरसा में डबवाली रोड स्थित बोम्बे न्यूरो अस्पताल में दाखिल करवाया। परिजनाें के अनुसार महिला चिकित्सक सुनीता बैनीवाल ने कहा कि सुमित्रा का तुरंत आपरेशन करना होगा।
इसके बाद डॉक्टर ने सुमित्रा का आपरेशन किया। आपरेशन से सुमित्रा को बेटा हुआ। परिजनों का आरोप है कि कुछ ही देर बाद सुमित्रा के पेट में दर्द होने लगा। उनका आरोप है कि महिला डॉक्टर सुमित्रा का उपचार बीच में ही छोड़कर विवाह समारोह में चली गई। अस्पताल स्टाफ ने उनके मोबाइल पर कई बार फोन किया लेकिन डॉक्टर ने फोन नहीं उठाया।
उनका कहना है कि सुमित्रा की हालत ज्यादा खराब होने पर भी डॉ. सुनीता अस्पताल नहीं पहुंची। ज्यादा रक्तस्राव के चलते सुमित्रा की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने तुरंत शहर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंची।
शहर थाना प्रभारी दलीप कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शहर थाना प्रभारी को बताया कि डॉ. सुनीता बेनीवाल की लापरवाही से ही सुमित्रा की मौत हुई है। अगर डॉ. सुमित्रा का उपचार बीच में ही नहीं छोड़कर नहीं जाती तो उसकी मौत नहीं होती।
शहर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति अजय कुमार की शिकायत पर आरोपी महिला चिकित्सक सुनीता बैनीवाल के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनाें को सौंप दिया गया है।