हिसार। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश निशांत शर्मा की अदालत में डीएसपी के गनमैन द्वारा पत्नी की गोली मारकर हत्या के मामले में डीएसपी समेत पांच आरोपियों की वीसी से हाजिरी लगी। बता दें कि आरोपी डीएसपी कप्तान सिंह, तत्कालीन सिटी थाना प्रभारी विनोद कुमार, एएसआई रविंद्र और सिपाही विक्रम व कुलदीप जेल में बंद हैं। वहीं, छठा आरोपी जींद का ईएसआई सतीश कुमार अदालत में पेश हुआ। मुकदमे की अगली सुनवाई 4 जुलाई को होगी।
अभियोग के अनुसार जींद के तत्कालीन डीएसपी कप्तान सिंह के गनमैन सिपाही विक्रम ने 16 अप्रैल 2020 को सिरसा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पत्नी रिंकू की हत्या कर दी थी। जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि आरोपी ने पत्नी की हत्या सोटे से की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के सिर पर दो प्रवेश घावों का और दो निकास घावों का जिक्र है। 19 मई 2020 को प्राप्त हुई एफएसएल रिपोर्ट में गोली लगने के कारण घाव होना सामने आया था। इसके अलावा मेडिकल बोर्ड ने 12 सितंबर 2020 व 21 नवंबर 2020 को दो बार राय देकर मौत का कारण गोली लगना बताया था। इसके बावजूद पुलिस सोटे पर अड़ी रही थी।