हिसार। नगर निगम की पशु पकड़ने वाली टीम के कब्जे से गाय छुड़वाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पशुपालक ढाणी श्यामलाल निवासी रोहित गोरसी व मंदीप गोरसी उर्फ धौलिया गुर्जर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, नगर निगम यूनियन की तरफ से दिए 72 घंटे के अल्टीमेटम के पूरा होने से पहले निगम प्रशासन ने यूनियन पदाधिकारियों को बातचीत के बुलाया है। मंगलवार दोपहर बाद 3 बजे बैठक होगी।
बैठक में एचकेआरएन व हारट्रोन के तहत लगे कर्मचारियों को नौकरी सुरक्षा के पत्र जारी करना, जिन्हें 5 या इससे ज्यादा साल हो चुके हैं, एचकेआरएन व हारट्रोन के तहत लगे कर्मचारियों का डाटा एचआरएमएस पोर्टल पर अपलोड करना, सेवा अवधि पूरी होने से पहले जबरन सेवानिवृत्त किए गए कर्मचारियों को की सेवा अवधि एक साल के लिए बढ़ाना, हारट्रोन कर्मचारियों को नए बेस रेट के अनुसार एक सितंबर 2023 से 31 दिसंबर 2025 तक के एरियर का भुगतान करना और फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा की व्यवस्था करना शामिल है।
ऑटो मार्केट फेज तीन से हटवाया अतिक्रमण
निगम की तहबाजारी टीम ने सोमवार को ऑटो मार्केट फेज तीन से अतिक्रमण हटवाया। इसे लेकर निगम के समाधान शिविर में शिकायत की हुई थी। शिकायत के अनुसार एक कबाड़ी ने मार्केट की सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ है। इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निगम ने सड़क से अतिक्रमण हटवाया।