अर्बन एस्टेट में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अर्बन एस्टेट निवासी सतबीरी देवी की हत्या मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मृतका के बड़े बेटे रमेश की शिकायत पर छोटे बेटे राजेश व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार जांच की जा रही है। अभी किसी भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
बता दें कि रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अर्बन एस्टेट निवासी सतबीरी देवी की घर के पास बाइक सवार दो युवकों ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए थे। हत्या से कुछ देर पूर्व ही सतबीरी देवी अपनी पड़ोसी कृष्णा के साथ सैर पर निकली थी। सूचना मिलने पर डीएसपी भारती डबास, डीएसपी अशोक, अर्बन एस्टेट थाना पुलिस व सीआईए टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में डीएसपी अशोक कुमार, डीएसपी भारती डबास, अर्बन एस्टेट थाना पुलिस, सीआईए और एवीटी स्टाफ जांच में जुटा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा : छाती में भी लगी थी एक गोली
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक सतबीरी की छाती में देसी कट्टे से फायर किया गया। एक गोली छाती के अंदर लगी, दूसरी मिस हो गई। इसके अलावा उसकी छाती के पास व गर्दन पर चाकू से 6 से 7 वार किए गए। सोमवार को मृतक सतबीरी के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अशोक कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर, हिसार