बरवाला। शहर के मुख्यमार्ग पर स्थित महेंद्रा लाइट हाउस से शनिवार को एक कार में सवार होकर आया व्यक्ति 40,000 रुपये का बिजली का सामान लेकर भाग गया। यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की शिकायत दुकान मालिक वार्ड नंबर तीन निवासी दीपक ने पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार ने बताया कि एक व्यक्ति अर्टिगा कार में सवार होकर दुकान पर आया था। कार सवार ने कहा कि उसे बिजली का कुछ सामान चाहिए, जो उसे सत्संग घर में देना है। इस दौरान दुकानदार ने उसे 100 एलईडी बल्ब, 120 होल्डर, 4 बंडल तार, 2 रूम हीटर, 30 बैटन फट्टी व कुछ अन्य सामान दिया। यही नहीं सामान उसकी गाड़ी में भी रखवा दिया। सामान लेने के बाद कार सवार ने कहा कि वह सामने वाले एटीएम से रुपये लेने जा रहा है। लेकिन वह अपनी कार में सवार होकर नया बस स्टैंड की तरफ भाग गया। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।