हिसार। पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में ट्रेड फेयर देखकर घर की ओर लौट रहे साइकिल सवार करीब 19 वर्षीय बीकॉम के छात्र सिधांशु को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। युवक करीब 15 फीट दूर जाकर गिरा। कार भी पलट गई। गंभीर रूप से घायल युवक को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने मृत घाेषित कर दिया।
कुम्हारान मोहल्ला निवासी अनिल ने बताया कि उसका चचेरा भाई सिधांशु दयानंद कॉलेज में बीकाम द्वितीय वर्ष का छात्र था। वीरवार को सिधांशु व उसका भांजा गोलू दोनों ट्रेड फेयर देखने के लिए पुराना राजकीय कॉलेज मैदान में गए थे। रात करीब 9.30 बजे सिधांशु अपनी साइकिल से लौट रहा था, जबकि गोलू पैदल था। सिधांशु जब बीकानेर चौक पर रोड क्राॅस करने लगा तो रेड स्क्वेयर मार्केट से तेज गति में आ रही कार ने साइकिल को रौंद दिया और कार डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क के बीच पलट गई। हादसे में सिधांशु कई फीट उछलकर दूसरी ओर जा गिरा। गंभीर घायल सिधांशु को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों ने हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार सवार लोगों ने शराब का सेवन कर रखा था। पुलिस ने हादसे के बाद गाड़ी की तलाशी नहीं ली। हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने जांच के बाद क्रेन बुलाकर कार को हटवाया। सिधांशु मूलरूप से बिहार के सिवान का रहने वाला था, इसका पिता सब्जी मंडी में पिछले कई साल से मजदूरी करता है। मां मिल में काम करती है।