हिसार। नई दिल्ली स्थित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीई) द्वारा रविवार को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) आयोजित किया गया। परीक्षा में कुल 6332 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण किया था, जिनमें से 6196 ने परीक्षा दी, जबकि 136 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों ने बताया कि फिजिक्स के प्रश्नों ने उनका सिर घुमा दिया। हालांकि केमिस्ट्री-बायोलॉजी के सवाल आसान थे, जिससे उनके चेहरे खिले नजर आए।
परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक था, लेकिन परीक्षार्थियों को एंट्री सवा एक बजे तक दी गई। एंट्री के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने परीक्षार्थियों की पूरी जांच की। महिला परीक्षार्थियों को चोटी के रबड़, झूमके, बालियां और नत्थी तक उतारने को कहा गया। आधार कार्ड और एडमिट कार्ड के सत्यापन के बाद ही विद्यार्थियाें को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला।
::::::::::
फिजिक्स के सवाल काफी मुश्किल थे, जिनको हल करने में मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि बायोलॉजी के सवाल प्रश्न-पत्र में आसान पूछे गए थे। एंट्री के दौरान पुलिस ने सख्ती दिखाई। - अरुण, परीक्षार्थी
-
कुल 720 अंक का पेपर था, जिसमें से 500 से अधिक अंक आने की उम्मीद है। फिजिक्स के सवालों ने सिर घुमाया है। जबकि शेष विषय से पूछे गए सवाल आसान थे। सही समय पर प्रश्न-पत्र मिल गया था। - प्रकट भूना, परीक्षार्थी
-
एंट्री के दौरान पुलिस की सख्ती दिखी। प्रश्न-पत्र में फिजिक्स-केमिस्ट्री व बायोलॉजी विषय के प्रश्न पूछे गए है। इसमें से फिजिक्स के सवाल मुश्किल थे। फिर भी अच्छे अंक आने की उम्मीद है। - सन्नी, परीक्षार्थी
नीट परीक्षा में अच्छे अंक आने की उम्मीद है। किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है। इंतजाम भी अच्छे थे। सही समय पर प्रश्न-पत्र मिल गया था। - आर्यन, परीक्षार्थी
परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है। प्रशासन की तरफ से व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस का सहयोग रहा। कुल 6196 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। - वेद दहिया, कार्यकारी जिला शिक्षा अधिकारी, हिसार।