हिसार।राम चाट भंडार (आरसीबी) की पांच मंजिला बिल्डिंग मंगलवार सुबह आग लगने से जलकर खाक हो गई, वहीं साथ लगती चार दुकानों में रखे सामान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। दमकल कर्मचारियों की मानें तो आग लगने से बिल्डिंग के लेंटर में दरारें आ गई हैं।
आरसीबी के मालिक कुलदीप ने बताया कि इस घटना में उनका सब कुछ जल गया और वह पूरी तरह से तबाह हो गए। कितने नुकसान हुआ तो उसका उन्हें अंदाजा नहीं है। उनकी यह दुकान 30 साल से ज्यादा पुरानी है। आरसीबी के अलावा आग से वासुदवे कलेक्शन, बजाज फैशन बरवाला वाले, प्रियंका कवर शॉप व दिल्ली आइसक्रीम शॉप का सामान जल गया।
दिल्ली जा रहा था सामान लेना, आग लगने की सूचना पर रोहतक से लौटा
बजाज फैशन के मालिक संजय बजाज ने बताया कि वह मंगलवार सुबह सामान लेने के लिए दिल्ली के लिए निकले थे। सुबह करीब 7 बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। उस समय वह रोहतक पहुंचे थे। इसके बाद वापस हिसार लौटे। दुकान का फर्स्ट फ्लोर आग की चपेट में आया हुआ था लेकिन सामान सुरक्षित मिला।
दो एसी व अन्य सामान जल गया
प्रियंका कवर शॉप के मालिक राजेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब पौने छह आग लगने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद तुरंत मौके पर पहुंचे। आग बुझने के बाद दुकान संभाली तो दुकान के दो एसी, इन्वर्टर व फर्स्ट फ्लोर पर रखा कुछ सामान जला मिला।
दुकान में रखा फ्रीजर व कपड़े जल गए
दिल्ली आइसक्रीम के मालिक ने बताया कि उन्होंने यह दुकान किराये पर दी हुई है। दुकान में फ्रीजर व कपड़े रखे थे, जो जल गए। दुकान की बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने दुकान की मरम्मत करवानी शुरू कर दी है। उधर, वासुदेव कलेक्शन के मालिक जितेंद्र वासुदेव ने बताया कि अभी सामान संभाल रहे हैं। घटना में उन्हें कितना नुकसान अभी नहीं पता।