चोरी की वारदात में सीसीटीवी में नजर आए दो संदिग्ध।
हिसार। शहर के सेक्टर 16-17 स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) से सेवानिवृत्त प्रोफेसर अशोक कुमार छाबड़ा के घर से बुधवार रात चोर करीब 5 तोला सोने-चांदी के गहने और लगभग डेढ़ लाख की नकदी ले गए। वारदात के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था।
प्रो. छाबड़ा ने वीरवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पत्नी व बेटों के साथ दिल्ली में बेटी से मिलने गए थे। सुबह नौकरानी घर पर काम करने पहुंची तो मुख्य ताला टूटा मिला और घर का सामान बिखरा था। इसके बाद नौकरानी ने फोन कर चोरी की सूचना दी। सूचना के बाद वे हिसार पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर रात के समय दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।