हिसार। हिसार बस स्टैंड परिसर में 1.24 करोड़ रुपये खर्च होने के इंतजार में सड़क के गड्ढे यात्रियों को हिचकोले खिला रहे हैं। जर्जर सड़क से बसों की आवाजाही भी मुश्किल हो रही है। सितंबर में रोडवेज विभाग की ओर से बीएंडआर को बजट जारी किया जा चुका है, लेकिन दो महीने बाद भी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हुई।
बस स्टैंड की सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त है। इसे देखते हुए रोडवेज अधिकारियों ने मरम्मत के बजाय नए सिरे से निर्माण करवाने का फैसला लिया था। इसके लिए बीएंडआर अधिकारियों से रफ कॉस्ट एस्टीमेट तैयार करवाया गया। बीएंडआर ने एस्टीमेट मंजूरी के लिए रोडवेज मुख्यालय भेजा।
सितंबर में मुख्यालय से 1.24 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिल गई। इसके बाद भी बीएंडआर की ओर से टेंडर जारी नहीं किया गया। उधर बीएंडआर के एक्सईएन गौरव जैन का कहना है कि बजट मिलने की अभी जानकारी नहीं है। संबंधित जेई से इस बारे में अपडेट ली जाएगी।
दोनों प्रवेश द्वारों पर बने गहरे गड्ढे
बस स्टैंड के दिल्ली रोड और ऋषि नगर रोड स्थित दोनों प्रवेश द्वारों पर सड़क की हालत खराब है। मुख्य भवन के गेट से वर्कशॉप तक का रास्ता भी बदहाल है। यहां बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इनसे बचकर निकलना बस चालकों के लिए चुनौती बना हुआ है। कई बार गड्ढों में रोड़े और मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से भर दिया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर वैसी ही हो जाती है।
प्रतिदिन 10 हजार यात्रियों की आवाजाही
हिसार बस स्टैंड करीब 21 एकड़ में फैला है। यहां से हिसार सहित अन्य डिपो की करीब 300 बसों का प्रतिदिन संचालन होता है। इनके माध्यम से लगभग 10 हजार यात्री सफर करते हैं। परिसर में वर्कशॉप के साथ टायर रिसोलिंग प्लांट भी है। ऐसे में जर्जर सड़क से यात्रियों के साथ बसों की आवाजाही भी प्रभावित होती है।
सड़क निर्माण के लिए बजट सितंबर में मंजूर हो गया था। बजट बीएंडआर को दिया जा चुका है। अब उनकी तरफ से सड़क निर्माण का टेंडर लगाया जाना है। - राहुल मित्तल, महाप्रबंधक, हिसार डिपो।