टैक्सी स्टैंड के पास सीसी की सड़क पर डाला गया तारकोल।
हिसार। नगर निगम की 60 लाख रुपये की सीसी सड़क महीनेभर भी नहीं टिक पाई। राजगढ़ रोड से टैक्सी स्टैंड की ओर जाने वाले रास्ते पर बनी सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। जगह-जगह कंक्रीट बाहर निकल रही है। निर्माण की खामियां छिपाने के लिए ठेकेदार ने सड़क पर तारकोल डाल दिया है।
दुकानदारों ने इसे लीपापोती बताते हुए नगर निगम आयुक्त सी जयाश्रद्धा से शिकायत की है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच करवाकर एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। करीब एक महीने पहले इस मार्ग पर सीमेंटेड कंक्रीट (सीसी) सड़क का निर्माण करवाया गया था।
दुकानों के सामने पार्किंग एरिया में भी सीसी सड़क बनाई गई थी लेकिन वहां भी सड़क की हालत खराब होने लगी है। जगह-जगह से कंक्रीट उखड़ रही है। दरारों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को ढकने के लिए सीसी सड़क पर तारकोल डाला जा रहा है।
व्यापारी अूनप सिंह, शेखर शर्मा और हामिद का आरोप है कि सड़क बनने के बाद एक महीने से यहां सफाई नहीं हुई। सड़क पर जमा मिट्टी और उखड़ी कंक्रीट की बजरी से वाहनों के गुजरते ही धूल उड़ने लगती है। धूल दुकानों के अंदर पहुंच रही है। इससे सामान खराब हो रहा है और दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दुकानदारों के अनुसार धूल से बचने के लिए उन्हें खुद सुबह से शाम तक सड़क पर पानी का छिड़काव करना पड़ता है। थोड़ी देर पानी न डालने पर दुकानों में बैठना मुश्किल हो जाता है।
-
सड़क पर रेता डाला गया है इस कारण धूल उड़ रही है। इसका मेरे पास इलाज नहीं है। बाकी सड़क निर्माण करने वाली एजेंसी को हमने भुगतान नहीं किया है। सामग्री के सैंपल लेकर जांच के बाद ही भुगतान होगा। सीसी में कट मारकर तारकोल भरा था। - कर्मपाल सिंह, एमई, नगर निगम।