हिसार। हाल ही में ग्रेटर नोएडा में हुए विश्व मुक्केबाजी कप में कांस्य पदक विजेता व अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अपना पदक बेजुबान जानवरों, महिलाओं व अपनी मां के नाम समर्पित किया है। स्वीटी बूरा ने पदक जीतने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक इमोशनल पोस्ट अपलोड की है। पोस्ट में लिखा कि मेरा ये पदक बेजुबान जानवरों, जुबान होते हुए जुल्मों के आगे बेजुबान हो जाने वाली महिलाओं और मेरी मां के नाम है। इस पोस्ट से स्वीटी बूरा का दर्द भी झलका है।
स्वीटी बूरा का कहना है कि आजकल लोग मतलबी हो गए हैं। अपने बारे में ही सोचते हैं। जानवरों पर अत्याचार कर रहे हैं। उन्हें काटकर खा जाते हैं जबकि जानवर हमारे सच्चे दोस्त हैं। एक समय था जब मुझे जानवरों ने बहुत सहारा दिया था। जानवर इंसानों के प्रति बहुत वफादार होते हैं। हमारी भावनाओं को समझते हैं। स्वीटी ने कहा कि मैं जो मेडल जीत रही हूं वह मेरी मां की ही वजह से जीत रही हूं। मेरी मां ने मुझे जन्म दिया है। अब जो मेरे साथ हो रहा है ये मेरा दूसरा जन्म है। अगर मेरी मां नहीं होती तो मैं होती ही नहीं। मेरे साथ जो कुछ हुआ उससे तो मैं खत्म ही हो चुकी थी।
सुर्खियों में रहा दांपत्य जीवन में टकराव का मुद्दा
पिछले दिनों स्वीटी बूरा के दांपत्य जीवन में टकराव का मुद्दा काफी सुर्खियों में रहा था। इस दौरान स्वीटी और उनके पति ने एक-दूसरे पर काफी आरोप-प्रत्यारोप किए थे। यह मामला पुलिस थाने में तक पहुंच गया था। इस पोस्ट के जरिये उन्होंने अपने दांपत्य जीवन के दर्द को बयां किया है। पति से विवाद के बाद स्वीटी बूरा ने फिर से रिंग में वापसी की और अपने मुक्के का दम दिखाया।
उज्बेकिस्तान की बॉक्सर को हरा जीता था कांस्य पदक
विश्व मुक्केबाजी कप में सेक्टर 1-4 की रहने वाली बॉक्सर स्वीटी बूरा का 75 किलोग्राम भारवर्ग में सेमीफाइनल मुकाबला आस्ट्रेलिया की बॉक्सर के साथ हुआ था। मगर इस मुकाबले में वह 4-0 से हार गई। उसके बाद कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में स्वीटी ने उज्बेकिस्तान की बॉक्सर को 5-0 से हराया और पदक पर कब्जा किया।
स्वीटी बूरा की उपलब्धियां
2018 में प्रथम ओपन इंडिया इंटरनेशनल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल
2021 में एशिया चैंपियनशिप में कांस्य पदक
2023 में महिला विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता
2025 में विश्व मुक्केबाजी कप में कांस्य पदक