स्वर्ण पदक के साथ बॉक्सर सोनू पूनिया।
हिसार। अमेरिका के बर्मिंघम में चल रहे वर्ल्ड पुलिस गेम्स में बुडाक की बॉक्सर सोनू पूनिया ने गोल्डन पंच मारा है। 63 किलोग्राम भारवर्ग में सोनू ने फाइनल में यूएसए की बॉक्सर को 5-0 से हराया और पदक पर कब्जा किया।
पिछले साल सोनू ने वर्ल्ड पुलिस गेम्स में रजत पदक जीता था। मगर इससे सीख लेते हुए इस बार उसने कड़ी मेहनत की और रजत पदक को स्वर्ण में बदल दिया। वहीं, सेमीफाइनल में सोनू ने कनाडा की बॉक्सर को 5-0 से हराया। सोनू बीएसएफ में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं।
सोनू के पिता ओमप्रकाश पूनिया ने बताया कि बेटी ने 2012 में साई में कोच महेंद्र सिंह ढाका के पास बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। बेटी सोनू ने इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीसरा पदक जीत नाम रोशन किया हैं। सोनू दो बहन और एक भाई हैं। तीनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत नाम रोशन कर चुके हैं। अब दिल्ली में सात जुलाई को बीएसएफ की ओर से कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में सोनू शामिल होंगी।
कार्यक्रम के बाद सोनू अपने गांव बुडाक पहुंचेंगी। पिता ओमप्रकाश पूनिया ने बताया कि बेटी ने इस बार फिर स्वर्ण पदक जीत देश का नाम रोशन किया है। बेटी भविष्य में भी इसी तरह पंच मारते हुए पदक जीत नाम चमकाएगी। पिता ओमप्रकाश पूनिया किसान हैं।