हिसार। दिल्ली के आईजी स्टेडियम में 15 मार्च से शुरू होने वाली महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के चयन में हिसार की बॉक्सर पूनम पूनिया ने भेदभाव का आरोप लगाया है। पूनम ने शुक्रवार को बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेजीडेंट अजय सिंह को ईमेल से शिकायत भेजी है। इस दौरान पूनम ने लिखा है कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। पूनम ने आरोप लगाया कि 60 किलोग्राम भारवर्ग में मेरा चयन होना था। मगर मेरा नाम काटकर भिवानी की जैस्मिन लंबोरिया का चयन किया गया है। मेरे साथ अन्याय किया गया है।
हिसार के शांत विहार की बॉक्सर पूनम ने बताया कि दिसंबर माह में भोपाल में सीनियर नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। उसमें मैने गोल्ड मेडल हासिल किया था। सभी खिलाड़ियाें का गोल्ड मेडल के आधार पर ही महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए चयन किया गया है। मगर मेरा गोल्ड मेडल आने के बाद भी चैंपियनशिप के लिए मेरा नाम लिस्ट में नहीं है। पूनम ने आरोप लगाया कि भिवानी की जैस्मिन लंबोरिया ने सीनियर नेशनल प्रतियोगिता भी नहीं खेली। बावजूद इस चैंपियनशिप के लिए उसका चयन किया गया है। उल्लेखनीय है कि पूनम साई मे 9 साल से कोच महेंद्र सिंह ढाका के पास प्रशिक्षण ले रही है। वह अब तक कई पदक जीत चुकी हैं।