फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार में बदमाशों का तांडव: बोलेरो तोड़ी, स्कॉर्पियो घेरकर युवकों पर कुल्हाड़ी से हमला; पीजी में घुसकर की मारप

Sun, 18 Jan 2026 01:39 PM IST
नवीन दलाल माई सिटी रिपोर्टर, हिसार (हरियाणा)

सार

बदमाशों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों से कार से नीचे उतरने को कहा, लेकिन जान के डर से युवक कार के अंदर ही बैठे रहे। जब वे बाहर नहीं निकले तो बदमाशों ने डंडों और लाठियों से कार के सभी शीशे तोड़ दिए।
विज्ञापन
कार तोड़ी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शहर में बेखौफ बदमाशों का तांडव शुक्रवार रात से शुरू होकर शनिवार दोपहर तक जारी रहा। अलग-अलग स्थानों पर हुई हिंसक वारदातों के चलते जिला नागरिक अस्पताल में भी पुलिस को अलर्ट रहना पड़ा। पहले शुक्रवार रात करीब दो बजे कमला नगर में घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़े गए। इसके बाद आठ से 10 बदमाश दो कारों में सवार होकर आए और काले रंग की स्कॉर्पियो कार का पीछा कर रामपुरा मोहल्ला, गली नंबर चार के पास उसे रुकवा लिया। यहां बदमाशों ने कार पर हमला शुरू कर दिया।

विज्ञापन


कार सवार युवकों ने किसी तरह जान बचाने की कोशिश की और कार से उतरकर भागने लगे, लेकिन बदमाश नहीं रुके। एक युवक को पकड़कर उसके पीजी में घुस गए और उसकी जमकर पिटाई की। इसी दौरान बदमाशों ने एक युवक पर कुल्हाड़ी फेंककर हमला भी किया। बदमाशों की यह पूरी वारदात एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां भी बदमाशों के पहुंचने की सूचना मिली, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली और सभी को मौके से खदेड़ दिया। मामले की जांच एचटीएम थाना पुलिस कर रही है।
विज्ञापन


दरअसल, इस हमले में सुमित नाम का एक युवक घायल हुआ है। कार सवार बदमाशों ने उस पर कुल्हाड़ी से वार किया था। सुमित अपने दोस्तों के साथ शनिवार सुबह करीब 10 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो कार में सवार होकर विश्वकर्मा धर्मशाला के पास पहुंचा था। इसी दौरान एक काले रंग की थार और एक वरना कार में सवार आठ से 10 बदमाश उनका पीछा करते हुए वहां पहुंचे और स्कॉर्पियो को घेरकर रुकवा लिया।

बदमाशों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों से कार से नीचे उतरने को कहा, लेकिन जान के डर से युवक कार के अंदर ही बैठे रहे। जब वे बाहर नहीं निकले तो बदमाशों ने डंडों और लाठियों से कार के सभी शीशे तोड़ दिए। हालात बिगड़ते देख चारों युवक कार से उतरकर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने सुमित को पकड़ लिया और उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वहीं, एक युवक जान बचाने के लिए पीजी में घुस गया, लेकिन बदमाश वहां भी घुस गए और उसके साथ जमकर मारपीट की।

10 मिनट तक दिखाते रहे बदमाशी

मौके पर मौजूद लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बदमाशों ने एक युवक पर कुल्हाड़ी फेंककर हमला करने का प्रयास किया, हालांकि कुल्हाड़ी उसे नहीं लगी और उसकी जान बच गई। हमला करने के बाद बदमाश करीब 10 मिनट तक घटनास्थल पर खड़े रहे और दहशत फैलाते रहे। इसके बाद वे अपनी-अपनी कारों में बैठकर रेड स्क्वेयर मार्केट की ओर फरार हो गए। घायलों का कहना है कि उन पर हमला क्यों और किसने किया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

अस्पताल में पहुंच गए बदमाश पक्ष के लोग

जब पुलिस घायलों को जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची तो दोनों पक्षों के युवक वहां पहुंच गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को अस्पताल परिसर से खदेड़ दिया।

अस्पताल में पहुंचा बोलेरो कार का मालिक

इस पूरी घटना के बाद जिला नागरिक अस्पताल में झुंपा निवासी अंकुर भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह कमला नगर में किराए के मकान में रहते हैं और डाबड़ा चौक पर उनका दफ्तर है। शुक्रवार शाम उनकी बोलेरो कार घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब दो बजे 10 युवक आए और गाड़ी में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। सुबह उठने पर कार टूटी मिली। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि कुछ युवक डंडों से कार के शीशे तोड़कर भागे थे। अंकुर ने बताया कि जो युवक घायल हुए हैं, वे उसके दोस्त हैं, लेकिन हमलावरों के बारे में उसे भी कोई जानकारी नहीं है।
विज्ञापन

घबराहट में तीन बार खिलाड़ी पर चढ़ाई स्कॉर्पियो

इस वारदात में राजस्थान के राजगढ़ निवासी विकास भी घायल हुए हैं। वह अपने दोस्त रोहित के साथ रेड स्क्वेयर मार्केट घूमने आए थे। रोहित हिसार के जवाहर नगर का रहने वाला है, जबकि विकास एक खिलाड़ी हैं और 100 मीटर दौड़ की तैयारी के लिए हिसार आए हुए हैं। रोहित ने बताया कि इसी दौरान स्कॉर्पियो कार सवार युवकों ने टक्कर मार दी और चालक ने घबराहट में तीन बार कार विकास पर चढ़ा दी। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उन्होंने भी कोई शिकायत नहीं दी है। उनका कहना है कि दो पक्षों में झगड़ा हो रहा था और वे उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।

पुलिस बोली नहीं मिली शिकायत
वहीं इस मामले में एचटीएम थाना प्रभारी ईश्वर सिंह का कहना है कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस जांच कर रही है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें