शहर के विधायक कमल गुप्ता को सीपीएस बनाए जाने के बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल देखा गया। भाजपाइयों ने अग्रसेन चौक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में ढोल बजाकर खुशी जाहिर की और एक दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया।
हालांकि कार्यालय में जहां जश्न का माहौल रहा, वहीं सीपीएस के घर पर सन्नाटा पसरा रहा।
जिला महामंत्री सुजीत कुमार व जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब हिसार का विकास तीव्र गति से होगा।
डॉ. कमल गुप्ता को मिला सम्मान पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने पार्टी के साधारण कार्यकर्ता से लेकर सीपीएस तक का राजनीतिक सफर तय किया है। सदस्यता अभियान प्रमुख मंदीप मलिक ने कहा कि हिसार शहर को चौधर मिलना सभी कार्यकर्ताओं के लिए सम्मान की बात है।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर जोगीराम सिहाग, मनदीप मलिक, सुरेश गोयल धूपवाला, राजेंद्र लांबा, महाबीर जांगड़ा, बाबूलाल अग्रवाल, डीएम यादव, कृष्ण खटाणा एडवोकेट, रामचंद्र गुप्ता, नरेश कौशिक, कंवलजीत कुण्डू, विनोद गोयत एडवोकेट, नरेंद्र मदान, मोहन निरंकारी, गणेशदत शर्मा, प्रकाश अग्रवाल, रमेशचंद्र आर्य, राजेंद्र मलिक, कृष्ण बिश्नोई, दलबीर बैंदा, भूपेंद्र राघव, पंकज गुप्ता, संजय सैनी, ओमप्रकाश गंगवा, ईश्वर फौजी, गुलाब सिंह दूहन, पवन चौटिया, हंसराज, भोजराज, सतपाल शर्मा, राजेश पूनियां आदि भी मौजूद थे।
विधायक आज आएंगे हिसार
विधायक कमल गुप्ता अपनी पत्नी के साथ चंडीगढ़ गए हुए थे। कमल गुप्ता का बेटा तथा बेटी विदेश में हैं। उनके भाई तथा बाकी परिवार फरीदाबाद में रहता है। बधाई देने के लिए कमल गुप्ता के आवास पहुंचने वालों को निराश लौटना पड़ा। यहां पर सन्नाटा पसरा हुआ था। वीरवार की सुबह डॉ. गुप्ता के परिजनों को सीपीएस बनने की सूचना मिली। शुक्रवार को परिवारजन हिसार पहुंचेंगे।
कैमरी में बांटे लड्डू
गांव कैमरी में अनिल गोदारा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कमल गुप्ता के सीपीएस बनने पर लड्डू बांटे। अनिल ने कहा कि कैमरी हिसार शहर के साथ लगता गांव हैं।
इस गांव को विधायक ने गोद लेने के लिए चुना है। डॉ. कमल गुप्ता से सीपीएस बनने से गांव में खुशी की लहर है। ग्रामीणों जल्द ही सीपीएस के सम्मान में समारोह आयोजित किया जाएगा।
विधायक - एक नजर में
डॉ. कमल गुप्ता का जन्म गुड़गांव जिला के फर्रूखनगर में हुआ था। उनके पिता डाक विभाग में पोस्ट मास्टर के पद पर थे। इसके चलते उनका बचपन प्रदेश के अनेक शहरों में गुजरा।
उनकी प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा चरखी दादरी में हुई। उनकी माता धार्मिक प्रवृत्ति की होने के कारण उनको बचपन से ही धार्मिक संस्कार मिले। उनकी मेडिकल की पढ़ाई रोहतक मेडिकल कॉलेज में हुई। जहां से उन्होंने एमबीबीएस व एमएस की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने डिग्री धोती कुर्ता पहन कर प्राप्त की थी, जिसका उस समय विरोध भी हुआ था। लेकिन इस विरोध से वह घबराए नहीं और अपने फैसले पर अडिग रहे।
1983 में एसएमओ रहे। उन्होंने भिवानी व हिसार में एसएमओ की जिम्मेवारी संभाली। कमल गुप्ता आरंभ से ही भारत विकास परिषद जैसे सामाजिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे। 1996 में उन्होंने बालसमंद रोड स्थित मलिक चौक पर अपना अस्पताल आरंभ किया।
पहली बार 1996 में विधानसभा का चुनाव लड़ा। वर्ष 2001 में उन्होंने दूसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़ा। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष पद की भी जिम्मेवारी संभाली। इसके अलावा उन्होंने हरियाणा प्रदेश के चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक की भी जिम्मेवारी निभाई।
वर्ष 2014 में उन्होंने तीसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़ा और देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल को हराते हुए हिसार के विधायक निर्वाचित हुए।