हांसी के डॉ. अनूप अल्ट्रासाउंड पर कार्रवाई के मामले में चिकित्सक वर्ग व प्रशासन के बीच टकराव बढ़ गया है। चिकित्सकों की ओर से दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम मंगलवार सायं समाप्त होगा।
इस बीच पुलिस की ओर से भी स्पष्ट कर दिया गया कि मामले में डॉक्टर या अन्य को कोई क्लीन चिट नहीं दी गई है। अल्ट्रासाउंड एंड इमेजिंग एसोसिएशन ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। चिकित्सकों से जुड़े विभिन्न संगठनों की बैठक बुधवार को होगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हांसी के डॉ. अनूप अल्ट्रासाउंड मामले की जांच कर रहे हांसी के एएसपी ने मंगलवार को दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। सायं को उन्होंने बताया कि मामले में किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई है। जांच जारी रहेगी। अल्ट्रासाउंड मशीन की सील खोलने का मामला जांच अधिकारी और अन्य सक्षम अथॉरिटी के फैसले के बाद लिया जा सकता है। अभी कोई सील नहीं खोली जाएगी।
प्रशासन का फैसला आ जाने के बाद शाम को अल्ट्रासाउंड एंड इमेजिंग एसोसिएशन ने भी बैठक कर ऐलान कर दिया कि उनका विरोध जारी रहेगा। जिले में बुधवार को भी सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र बंद रहेंगे। बुधवार को बैठक के बाद आगामी रणनीति तय की जाएगी। एसोसिएशन इस मामले में आरपार की लड़ाई लड़ने को तैयार है।
इस बीच मंगलवार को सातवें दिन भी जिले के सभी 68 अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर किसी भी मरीज का अल्ट्रासाउंड नहीं किया गया। रेडियोलॉजिस्टों की हड़ताल का सीध असर अब स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखने लगा है। सिविल अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड हो रहे हैं।
वहां भीड़ भड़ाका ज्यादा होने के कारण बहुत से मरीजों को बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। चिकित्सक वर्ग पहले ही प्रशासन को आगाह कर चुका है कि वे इस मामले में झुकने वाले नहीं हैं। डॉक्टरों के तीनों संगठन बुधवार को रणनीति तैयार करेंगे।
वे स्वास्थ्य सेवाओं को ठप करने का फैसला लेने की चेतावनी पहले ही दे चुके हैं। विधायक डॉ. कमल गुप्ता भी एक दिन पहले ही चिकित्सकों के साथ आ चुके हैं।