हांसी। बाईपास पर लालपुरा मोड़ के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति विक्रम की मौत हो गई और दूसरा युवक साहिल घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने एनएचएआई की एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची तो राहगीरों ने उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि बाइक सवार सिरसा के रहने वाले हैं। हादसे में साहिल (24) से घायल हुआ है। साहिल ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी जिसके बाद वह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। अस्पताल ले जाने के लिए वाहन न होने पर उन्होंने एनएचएआई की एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस नहीं पहुंची तो वहां से गुजर रहे ढाणी कुतुबपुर निवासी एडवोकेट सोनू राजोरिया ने कार रोकी जिसके बाद वह तुरंत दोनों को अपनी कार में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे। उनके साथ उमरा निवासी राजेंद्र भी आया। अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद साहिल को हिसार रेफर कर दिया गया है। उसके चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें पहुंची है।
सोनू राजोरिया ने बताया कि मैं जींद से वापस अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में लालपुरा मोड के समीप लोगों की भीड़ जमा थी। वहां पर मैंने कार रोकी तो लोगों ने कहा कि घायलों को अस्पताल लेकर जाना है जिसके बाद मैंने उन्हें कार में बिठाया।
उमरा निवासी रविंद्र ने बताया कि मैं घटनास्थल पर था। लोगों ने वहां एनएचएआई की एंबुलेंस व डायल 112 को सूचना दी। काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई। कई लोगों ने वहां कार रोकी, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।