हिसार। सुलखनी–खरकड़ी रोड पर शुक्रवार देर शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।
सुलखनी निवासी सुभाष (42), रोहतास (40) और रवि (24) तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर खरकड़ी गांव से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। पोल्ट्री फार्म के पास उनकी बाइक लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना के बाद डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहतास और रवि की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक सुभाष मजदूरी करता था और अपने पीछे तीन बच्चों का परिवार छोड़ गया है। बरवाला थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं।