हिसार। नगर निगम हाउस की अगली बैठक से पहले पिछली बैठक के फैसलों पर कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) जुटाने में विभागों की सुस्ती सामने आई है। 25 विभागों की 31 डिविजनों से रिपोर्ट मांगी गई थी लेकिन सात विभागों ने अब तक एटीआर नहीं दी है। इससे पुराने एजेंडों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा प्रभावित हो रही है।
अगले सप्ताह हाउस की बैठक बुलाने की तैयारी है। इस बार बैठक के लिए 350 से ज्यादा नए एजेंडे भी आ चुके हैं। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एटीआर सोमवार शाम को मिली। बीएंडआर की इलेक्ट्रिकल विंग, जिला रोजगार कार्यालय, पुलिस विभाग, वन विभाग, एचएसवीपी हॉर्टिकल्चर, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार और बिजली निगम की सातरोड सब डिविजन की रिपोर्ट लंबित है।
रिपोर्ट समय पर नहीं मिलने से पिछली बैठक में लिए गए फैसलों की प्रगति का आकलन करने में दिक्कत आ रही है। नगर निगम की अपनी ब्रांचों से भी एटीआर मांगी गई है।
अतिरिक्त आयुक्त डॉ. वेदप्रकाश और अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने सोमवार दोपहर बाद प्रमुख ब्रांचों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें पुराने एजेंडों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। कुछ ब्रांचों की रिपोर्ट तैयार नहीं मिली। अधिकारियों को मंगलवार तक एटीआर जमा करवाने के निर्देश दिए गए।
396 एजेंडों पर कार्रवाई की समीक्षा
पिछली हाउस बैठक में कुल 396 एजेंडे रखे गए थे। इनमें सफाई, सीवर व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण और टैक्स वसूली जैसे मुद्दे शामिल थे। पार्षदों ने जनस्वास्थ्य विभाग और नगर निगम से जुड़े कई प्रस्ताव रखे थे। अब संबंधित विभागों से इन पर हुई कार्रवाई का ब्योरा लिया जा रहा है। तकनीकी विंग, स्वच्छता शाखा और प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के एजेंडों पर विशेष चर्चा हुई।
21 या 22 अक्तूबर को बैठक की संभावना
नगर निगम हाउस की अगली बैठक इस महीने के अंतिम सप्ताह में बुलाने की तैयारी है। संभावना है कि बैठक 21 या 22 अक्तूबर को हो सकती है। हालांकि तारीख अभी तय नहीं हुई है। बैठक से पहले विभागों को लंबित रिपोर्ट और कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। इस बार भी बैठक दो या तीन दिन चलने के आसार हैं।
नए हाउस के लिए 350 से ज्यादा एजेंडे पहुंचे
नगर निगम हाउस की अगली बैठक के लिए पार्षदों की ओर से एजेंडे जमा करवाने का सिलसिला जारी है। अब तक 350 से ज्यादा प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें विभिन्न वार्डों के विकास कार्य, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। बैठक में इन प्रस्तावों को शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है।
-
पिछली बैठक में रखे गए एजेंडों पर संबंधित विभागों से एटीआर मांगी गई है। नगर निगम की ब्रांचों से भी रिपोर्ट ली गई है। जिन ब्रांचों ने एटीआर तैयार नहीं की है उन्हें मंगलवार तक जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. प्रदीप हुड्डा, एएमसी, नगर निगम हिसार।