हांसी में पकड़े गए बांग्लादेशियों को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंची पुलिस।
हांसी (हिसार)। हांसी सदर थाना क्षेत्र के गांव हाजमपुर में एक ईंट-भट्ठे से पकड़े गए 39 बांग्लादेशियों को मंगलवार रात वापस भेजने की प्रक्रिया अमल में लाई गई। इन्हें पहले पश्चिम बंगाल ले जाया जाएगा। जहां उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंपा जाएगा। जहां बीएसएफ इन्हें बांग्लादेश भेजेगी।
वापस भेजने से पहले पुलिस मंगलवार शाम को सभी 39 लोगों की मेडिकल जांच करवाने के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। रविवार रात को इन्हें पुराना कचहरी चौक पर स्थित बाबा बंदा बहादुर सामुदायिक भवन में पुलिस सुरक्षा में ठहराया गया। इन 39 बांग्लादेशियों में 14 पुरुष, 11 महिलाएं व 14 बच्चे शामिल हैं। इन सबको रविवार को पुलिस हिरासत में लिया गया था। रविवार को ईंट-भट्ठे पर बांग्लादेशियों का किसी व्यक्ति से विवाद हो गया था। वहां पर व्यक्ति ने इनसे पहचान व पते के बारे में पूछा था। जिस पर ये जवाब नहीं दे सके थे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई थी।
पुलिस के समक्ष भी पहचान संबंधित कोई सटीक दस्तावेज नहीं दे पाए। जिसके बाद पुलिस इन्हें सदर थाना में लेकर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पहले इन लोगों को दिल्ली में बांग्लादेशी कैंप में भेजने की योजना थी। लेकिन सोमवार को पुलिस को इन्हें पश्चिम बंगाल भेजने के आदेश मिले। दो दिन में इन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन लोगों को पुलिस सुरक्षा में भेजा जाएगा। ये सभी बीते 10-15 वर्षों से अवैध रूप से भारत में रह रहे थे।
सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि हांसी में कई जगहों पर बांग्लादेशी अवैध रूप से रह रहे हैं। इनको लेकर भी कार्रवाई होनी चाहिए। कई बांग्लादेशी शहर में विभिन्न जगहों पर फलों की रेहड़ियां लगाते हैं।
पकड़े गए बांग्लादेशियों को वापस बांग्लादेश भेजा जाएगा। इन्हें मंगलवार रात भेजा जाएगा। इसके लिए तैयारी कर ली गई हैं। इन्हें पश्चिम बंगाल में सीमा सुरक्षा बल को सौंपा जाएगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई वह करेंगे। - अमित यशवर्धन, एसपी, हांसी