सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता की कोठी के साथ लगते रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में मंगलवार दोपहर चार बाइक पर आए 8-10 युवकों ने पथराव कर संचालकों पर डंडों से हमला कर दिया। घटना में एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बालसमंद रोड स्थित मलिक चौक पर सीपीएस की कोठी के पास फैशन वर्ल्ड नाम से दुकान चलाने वाले सीसवाला के बलवान सिंह ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे वह और उसका चचेरा भाई दीपक दुकान पर बैठे थे। एक कस्टमर कपड़े देख रहा था। इतने में ट्रैफिक पुलिस का एक सिपाही अंदर पानी पीने आया। तभी अचानक एक पत्थर शीशा तोड़ता हुआ तेज गति में अंदर आकर दीवार से टकराकर गिरा। उसके बाद माजरा जानने बाहर निकलने लगे दीपक पर 8-10 युवकों ने पथराव कर डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान में भी तोड़फोड़ की। ट्रैफिक कर्मी के साथ हमलावरों को पकड़ने लगे तो हमलावर मधुबन पार्क की तरफ मोटरसाइकिलों पर फरार हो गए। इस हमले में दीपक और मामूली तौर पर ट्रैफिक कर्मी घायल हो गए। दीपक का उपचार सरकारी अस्पताल में कराया गया। बलवान ने एक सरपंच या उसके साथियों पर हमलावर होने का अंदेशा जताया है। एचएयू चौकी प्रभारी कांशीराम ने बताया कि हमें शिकायत मिली थी। मौके पर पुलिस की टीम ने पहुंचकर जायजा लिया। शोरूम के शीशे तोड़कर हमला किया गया। मौके से पुलिस ने कस्सी के बींडे बरामद किए हैं। हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे।
सुरक्षा पर सवाल
कपडे का यह शोरूम सीपीएस की कोठी की दीवार से सटा हुआ है। हमलावर करीब 10 मिनट तक तोड़फोड़ करने के बाद मौके से फरार हो गए। ऐसे में सुरक्षा पर बड़ा सवाल है। सीपीएस की कोठी के आसपास पुलिस बल तैनात रहता है। पुलिस बल के पास होने के बावजूद हमलावर घटना को अंजाम दे गए।
शनिवार को हुआ था झगड़ा
दुकान संचालक बलवान ने बताया कि शनिवार को उसका बड़ा भाई महेंद्र और चाचा विजय दुकान में बैठे थे। तब एक सरपंच एक अन्य आदमी के साथ आया था। वह वहां शराब पीने के लिए बैठ गया जिस पर महेंद्र ने आपत्ति जताई तो वह झगड़ा कर मजा चखाने की बात कह चला गया था। उसका भाई महेंद्र एचएयू चौकी में शिकायत देने गया तो पुलिस कर्मी ने कार्रवाई करने की बजाय उसे ही बिठा लिया था। बाद में उसे किसी तरह छोड़ा गया।