हिसार सुबह हल्की बूंदाबांदी के दौरान गुजरते वाहन चालक।
हिसार। आखिरकार 61 दिन के लंबे अंतराल के बाद बादल बरस गए। हालांकि इस दौरान 0.7 एमएम बारिश ही हुई। भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 13 वर्षों में दूसरी दफा जनवरी में इतनी कम बारिश हुई है। इससे पहले वर्ष 2016 में इस माह में बारिश ही नहीं हुई थी। बता दें कि इससे पहले शहर में 30 नवंबर को 3.1 एमएम बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद दिसंबर सूखा बीत गया। अगर बुधवार को यह बूंदाबांदी नहीं होती तो जनवरी भी सूखा ही बीत जाता।
शहर में बुधवार सुबह से ही बादल व हल्का कोहरा भी छाया हुआ था। इसी बीच सुबह 9 बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो थोड़ी देर में ही थम गई। इसके बाद दोपहर तक रुक-रुक बूंदाबांदी होती रही। यही नहीं दिन भर धूप भी नहीं निकली। इस दौरान अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.4 डिग्री नीचे रहा। इसके साथ ही सर्द दिन की स्थिति रही। वहीं न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से मामूली ज्यादा रहा।
पिछले वर्षों में बारिश का आंकड़ा
वर्ष-दिसंबर-जनवरी
2024-000-0.7
2023-0.0-13.0
2022-0.0-63.6
2021-2.2-15.5
2020-0.0-10.6
2019-2.9-13.9
2018-0.0-11.0
2017-8.0-49.5
2016-0.0-0.0
2015-0.0-12.6
2014-4.0-8.9
2013-0.0-23.8
2012-4.7-5.8