उकलाना। भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने उकलाना विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 25 दिसंबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान पूर्ण करने पर भी कार्यक्रम होगा। 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस, इसी दिन से बूथ समिति का गठन, 29 दिसंबर को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम सभी बूथों पर सुनने की योजना बनाई जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि पार्टी संगठन के निर्देशानुसार इन कार्यक्रमों को पूरी मेहनत से सिरे चढ़ाया जाएगा। कार्यक्रमों के प्रति जिले के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपड़ा ने बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने उकलाना व आदमपुर विधानसभा हलकों की बैठकें ली हैं। इसी तरह पूर्व जिला अध्यक्ष आशा खेदड़ ने नलवा हलका की बैठक पनिहार फार्म हाउस में व रोहतक के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन ने बरवाला विधानसभा हलकों की बैठक लेकर कार्यकर्ताओं को इन आगामी कार्यक्रमों बारे निर्देश दिए। बैठकों को भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रीनिवास गोयल, पूर्व मंत्री अनूप धानक, बहादुर सिंह नंगथला ने भी संबोधित किया।