हिसार। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार इसे जड़ से उखाड़ने के लिए जीरो टोलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रजिस्ट्री ऑनलाइन करने के पीछे भी यही मंशा है, ताकि आम लोगों को तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़े।
सैनी रविवार को गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के रणबीर सिंह सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय नामदेव जंयती समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए सरकार ने मोबाइल एप आधारित प्रणाली शुरू की है। एक नवंबर से कोई भी व्यक्ति घर बैठे ऑनलाइन रजिस्ट्री के लिए आवेदन कर सकेगा।
विज्ञापन
अगर तहसीलदार चार दिन में फाइल स्वीकार नहीं करता है तो यह डीआरओ, एसडीएम और फिर एडीसी तक स्वतः पहुंच जाएगी। जैसे ही तहसीलदार फाइल स्वीकार करेगा आवेदक को मोबाइल पर मैसेज मिलेगा और निर्धारित दिन कार्यालय में जाकर फोटो व हस्ताक्षर कर उसी समय रजिस्ट्री प्राप्त कर सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को हर माह 2100 रुपये देने का वादा किया गया था, जिसे अब ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना की पहली किस्त एक नवंबर को जारी की जाएगी। पहले चरण में उन महिलाओं को लाभ मिलेगा जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय एक लाख रुपये से कम है। इससे पहले सीएम सुबह 9 बजे एयरपोर्ट से जीजेयू पहुंचे। यहां कुछ देर विश्राम करने के बाद 9:50 बजे पर सभागार में मंच पर पहुंचे तो लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और मुख्यमंत्री जी को जय श्रीराम का उद्घोष कर स्वागत किया। सीएम यहां करीब 11:50 बजे नलवा क्षेत्र में होने वाली धन्यवाद रैली के लिए निकल गए।