अग्रोहा। अग्र विभूति स्मारक अग्रोहा शक्तिपीठ में चल रहा दो दिवसीय अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन व संस्कृत कार्यक्रम का रविवार को समापन हो गया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि अग्रसेन जयंती की पूर्व संध्या पर भारत सरकार द्वारा अग्रोहा टीले की खोदाई प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। अब खोदाई का कार्य जल्द ही शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि इससे महाराजा अग्रसेन के जीवन व उनकी आदर्श शासन व्यवस्था से संबंधित अवशेष प्राप्त होंगे। इससे अग्रोहा के 5000 वर्ष पहले के इतिहास के साथ-साथ महाभारत कालीन सभ्यता को पूरी दुनिया के सामने लाने में सफलता मिलेगी। आने वाले समय में अग्रोहा पूरी दुनिया में हेरिटेज साइट के रूप में जानी जाएगी, जिसे देखने के लिए पूरी दुनिया से पर्यटक आएंगे।
हरियाणा प्रदेश प्रवक्ता एवं प्रचार मंत्री विपिन गोयल ने बताया कि पुरातत्व विभाग को खोदाई करने के लिए ज्ञापन दिया गया था। पुरातत्व विभाग द्वारा गुण दोष के आधार पर मूल्यांकन करने के बाद हरियाणा सरकार के नोट को स्वीकार करते हुए राखीगढ़ी मॉडल के आधार पर खोदाई व खोदाई से पूर्व सीपीआर सर्वे की अनुमति दी। इस अवसर पर डाॅ. एसएस अग्रवाल, गोपाल गोयल, विनोद अग्रवाल, रामप्रकाश गर्ग, दीपक सिंघल सुरेश बंसल, विनीता खेतावत, मनोज जिंदल, कुलभूषण गोयल व मोहित बंसल आदि मौजूद रहे।