हिसार। शहर के चर्चित शिक्षिका सोनिया हत्याकांड का आरोपी और उसका पति सौरभ आनंद 118 दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। वह दिल्ली से हिसार आया था। मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने बुधवार शाम करीब छह बजे उसे जिंदल अस्पताल रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि सौरभ ने पहचान छिपाने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था। उसने बाल छोटे करवा रखे थे और क्लीन शेव था। वह चश्मा भी साथ रखे था। कपड़े भी अलग अंदाज के पहने हुए थे। पुलिस टीम ने उसे पहचानकर तुरंत काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ आनंद बताया।
अलग-अलग शहरों में छिपा, जहां फ्री खाना मिला खा लेता
पुलिस पूछताछ में सौरभ ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले वह दिल्ली, अमृतसर, व्यास, रेवाड़ी और गुरुग्राम सहित कई शहरों में रहा। जहां मुफ्त भोजन मिलता, वहां खाना खा लेता था। वह ज्यादातर गुरुद्वारों में भोजन करता था। उसने पुलिस को बताया कि कई वर्षों से उसे घर में बंद रखा गया था। उसके अनुसार परिवार में छह-सात साल से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
संपत्ति का ब्योरा
सोनिया के ससुराल पक्ष की सेक्टर-13 मार्केट में दो दुकानें हैं जो जेठ के नाम हैं। सेक्टर-13 का मकान सास के नाम है। बरवाला में नौ एकड़ जमीन आरोपी, उसकी सास और जेठ के नाम बताई गई है। सेक्टर-9-11 का प्लॉट जेठानी और सेक्टर-1-4 का प्लॉट सौरभ आनंद के नाम है।
आरोपी पर 50 हजार का इनाम
एक मई को सेक्टर-13 स्थित आवास में शिक्षिका सोनिया की हत्या के बाद सौरभ मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने सौरभ के अलावा जेठ, जेठानी और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने धरने-प्रदर्शन किए थे। पुलिस ने सौरभ पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। बाद में मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी।