हिसार। उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अनूप धानक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उकलाना हलके में दो सप्ताह के लिए नहरी पानी देने पर सरकार की सहमति मिलने के बाद अनूप धानक बौखला गए हैं। विधायक ने कहा कि धानक शायद उकलाना की हरी-भरी खेती को सहन नहीं कर पा रहे और इसे बंजर बना कर बेनामी संपत्ति के रूप में हड़पना चाहते हैं।
सेलवाल ने बताया कि हाल ही में विधानसभा की सब्जेक्ट कमेटी की बैठक में सिंचाई विभाग के उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में हांसावाला, उकलाना माइनर, पाबड़ा व गैबीपुर पीएलसी में दो सप्ताह तक नहरी पानी छोड़े जाने की सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें इस पर ठोस आश्वासन मिला है, लेकिन अनूप धानक सरकारी अधिकारियों के आश्वासन पर भी संदेह जता रहे हैं।
विधायक ने पूर्व मंत्री पर लेबर विभाग में मंत्री रहते करोड़ों की संपत्ति जोड़ने और बेनामी जमीन खरीदने के आरोप भी लगाए। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी और गृह मंत्री अनिल विज से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
सेलवाल ने कहा कि वे किसान, मजदूर और गरीबों की आवाज बनकर काम करते रहेंगे और उकलाना की जनता को पहचान करनी होगी कि कौन विकास कर रहा है और कौन सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति।