जिले के एक गांव में 11 वर्षीय बच्ची के साथ उसके फूफा द्वारा जबरदस्ती करने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। बच्ची ने डर के मारे पहले यह बात किसी को नहीं बताई। बाद में बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद महिला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जिले के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसकी 11 वर्षीय बेटी गर्मी की छुट्टियों में अपनी बुआ के गई हुई थी। तीन जून को सारे बच्चे एक बेड पर सोये हुए थे, जबकि उसकी ननद चारपाई पर सोई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार दूसरे कमरे में सोया उसका ननदोई रात को आया और उसकी बेटी के साथ जबरदस्ती करने लगा। उसकी बेटी ने विरोध में हाथ-पांव चलाए तो पास में सोये बच्चे उठ गए। इसके बाद आरोपी ने उसकी बेटी को धमकी दी, जिससे डरकर उसने यह बात किसी को नहीं बताई। जब वह अपने ननदोई के साथ जन्म प्रमाण पत्र बनवाने जा रही थी तो उस दौरान आरोपी ने बच्ची को चुटकी काटी, जिसे उसने देख लिया। इस पर उसने बच्ची से पूरी बात पूछी तो उसने 29 जुलाई को उसके पूछने पर पूरी बात बताई। जांचकर्ता एएसआई सुखपाल कौर के अनुसार शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 354ए और पोक्सो एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।