हिसार। स्वास्थ्य विभाग की टीम को एंबुलेंस में उपलब्ध सभी उपकरणों के संचालन की पूरी ट्रेनिंग दी जाएगी। हर एक चिकित्सीय सामग्री का सही उपयोग करना सिखाया जाएगा। एंबुलेंस कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह जरूरत के अनुसार सभी जीवन रक्षक दवाइयों व उपकरणों का उपयोग करें। आधुनिक जीवन सहायक एंबुलेंस में मरीजों को पूरी चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक कुलदीप सिंह ने 11 जुलाई को स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम के बाद नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने एडवांस लाइफ स्पोर्ट सिस्टम एंबुलेंस में उपकरणों व चिकित्सा सामग्री का प्रयोग न किए जाने पर नाराजगी जाहिर की थी।
उन्होंने सख्ती से निर्देश दिए थे कि हर एक उपकरण व चिकित्सा सामग्री का जरूरत के अनुसार प्रयोग जरूर किया जाए। अगर इन सुविधाओं का उपयोग ही नहीं होगा तो एडवांस एंबुलेंस पर लाखों करोड़ों खर्च करने का क्या फायदा हुआ। सिविल सर्जन से भी एंबुलेंस स्टाफ को निर्देश दिए कि सभी कर्मियों को पूरा प्रशिक्षण होना चाहिए। हर एक कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष किया जाए। अगर किसी को ट्रेनिंग की जरूरत है तो वह ट्रेनिंग लें। उपकरणों के रख रखाव की जानकारी भी होनी चाहिए। मरीजों के जीवन को बचाने के लिए हर संभव कोशिश की जाए। एंबुलेंस में हर एक जीवन रक्षक दवा उपलब्ध होनी चाहिए।