हिसार। पटेल नगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में अवैध निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए पूर्व प्रधान नवीन मल्होत्रा ने नगर निगम कमिश्नर को एक शिकायत सौंपी है। शिकायत में उन्होंने दावा किया है कि धर्मशाला में दुकानदारों के साथ मिलीभगत करके बिना स्वीकृत नक्शे और बकाया हाउस टैक्स के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। इस शिकायत की प्रति उपायुक्त और शहरी स्थानीय निकाय निदेशक को भी भेजी गई है।
नवीन मल्होत्रा ने अपनी शिकायत में कहा कि धर्मशाला में नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है और मिलीभगत के तहत पुरानी दुकानों को तोड़कर नई दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम से कोई स्वीकृत भवन नक्शा (अप्रूव्ड बिल्डिंग प्लान) प्राप्त नहीं किया गया है जबकि उक्त संपत्ति पर लगभग 63 लाख रुपये का हाउस टैक्स बकाया है।
पूर्व प्रधान ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मिलीभगत करके धर्मशाला की जमीन की तीन अलग-अलग प्रॉपर्टी आईडी बनवा चुके हैं जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित निर्माण में संरचनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं और सडक़ की ओर विस्तार किया जा रहा है, जो सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण की श्रेणी में आ सकता है। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि इस अवैध निर्माण को तुरंत रोका जाए और नियमों के खिलाफ काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।