करीब चार माह से बंद पड़ी हवाई सेवाएं मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएंगी। हवाई सेवाओं को विस्तार देने के लिए दो नए 18 सीटर विमान भी स्पाइसजेट ने मंगवाए हैं। मार्च के आरंभ में हिसार से चंडीगढ़ के लिए सेवन सीटर विमान ही उड़ेंगे, लेकिन संभावना है कि मार्च के अंत तक 18 सीटर विमान भी यहां आ जाएंगे। इनमें से एक विमान हिसार से चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगी। वहीं, दूसरे विमान को यात्रियों की संख्या के आधार हिसार से दिल्ली या हिसार से जयपुर के लिए उड़ाया जाएगा। हिसार एयरपोर्ट पर सितंबर में हिसार से चंडीगढ़ के लिए शुरू हुई हवाई उड़ान के दौरान लोगों के रुझान को देखते हुए 18 सीटर विमान खरीदे गए हैं।
मार्च में मिलेगी क्लीयरेंस, अप्रैल में शुरू होगा हवाई पट्टी के विस्तार का काम
हिसार के इंटीग्रेटिड एविएशन हब को विकसित करने के लिए एनवायरमेंट क्लीयरेंस की आवश्यकता है। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से डॉक्यूमेंट पर्यावरण मंत्रालय को सौंप दिए गए हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार मार्च के अंत तक एनवायरमेंट क्लीयरेंस मिलने की उम्मीद है। ऐसे में अप्रैल माह में एयरपोर्ट पर विस्तृत निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगेे। इनमें 10 हजार फीट की हवाई पट्टी का निर्माण कार्य शुरू किया जाना मुख्य है। 10 हजार फीट की हवाई पट्टी के लिए करीब 160 करोड़ रुपये के टेंडर पहले ही दिए जा चुके हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट की 4200 एकड़ जमीन की तारबंदी और एयरपोर्ट पर लाइटिंग का कार्य पहले ही जारी है।
पट्टी के विस्तार के बाद उतारे जा सकेंगे बोइंग विमान
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इंटीग्रेटेड एविएशन हब को चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जाएगा। अप्रैल में कार्य शुरू होने के बाद 2021 के आखिरी तक दस हजार फीट की हवाई पट्टी तैयार हो जाएगी। इसके बाद यहां पर ए 320 और बोइंग 737 विमान भी उतारे जा सकेंगे, जिससे हिसार हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डों के साथ जुड़ जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि 2021 के आखिरी तक हिसार में बड़े जहाजों के लिए एमआरओ सुविधा और पार्किंग सुविधा देने की कोशिश रहेगी।
21 अक्तूबर से बंद है फ्लाइट की उड़ान
हिसार से चंडीगढ़ के लिए तीन सितंबर से शुरू की गई फ्लाइट 21 अक्तूबर को बंद कर दी गई थी। इसे बंद करने का कारण स्मॉग बताया गया था। फिर स्मॉग छंटा तो धुंध से विजिबिलिटी कम होने के कारण विमानों को हिसार एयरपोर्ट पर उतारने में समस्या आ रही थी। अब फिर से मार्च के आरंभ में फ्लाइट शुरू होने के आसार हैं।
देहरादून, जम्मू के लिए भी उड़ेंगी फ्लाइट
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए मार्च के पहले ही सप्ताह में फ्लाइट शुरू हो जाएगी। इसके बाद हिसार से दिल्ली और जयपुर के लिए उड़ान शुरू करना प्राथमिकता होगी, जो अप्रैल में शुरू की जा सकती हैं। इसके बाद अगले चरण में जम्मू और देहरादून के लिए फ्लाइट शुरू की जाएगी।
भाजपा नेताओं ने जितना झूठ एयरपोर्ट के मामले में बोला है, उतना किसी दूसरी चीज के लिए नहीं बोला होगा। जनता को वोटों के लिए गुमराह करने के लिए सितंबर में यहां पर सीएम ने उड़ान का स्वांग रचाया। भाजपा की कारगुजारी के कारण एयरपोर्ट अब हिसार की बजाए जेवरा में बन रहा है।
कुलदीप बिश्नोई, आदमपुर विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता।
एयरपोर्ट का बनना निश्चित है। अब मार्च के पहले सप्ताह में फिर से चंडीगढ़ के लिए उड़ानें शुरू हो जाएंगी। कंपनी ने 18 सीटर विमान भी इसके लिए मंगवाए हैं। वहीं, एनवायरमेंट क्लीयरेंस मिलते ही 10 हजार फीट की हवाई पट्टी का निर्माण कार्य शुरू होगा। भाजपा अपने वादों को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है।
डॉ. कमल गुप्ता, विधायक, हिसार।
स्पाइसजेट ने अभी 18 सीटर दो विमानों का ऑर्डर किया है, जो मार्च में आ जाएंगे। इन विमानों के आने के बाद एक को हिसार से चंडीगढ़ और दूसरे को हिसार से जयपुर या दिल्ली के लिए उड़ाया जाएगा। वहीं, एनवायरमेंट क्लीयरेंस जल्द मिल जाएगी, जिसके बाद अप्रैल में ही 10 हजार फीट की हवाई पट्टी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अमरजीत सिंह, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एयरपोर्ट।