महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में मेडिसन विभाग के चिकित्सकों की आपसी खींचातानी को लेकर वीरवार को मरीजों ने चिकित्सकों और सोसायटी के खिलाफ प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलते ही मेडिकल के एमएस डा. नजीर अहमद पंडित मौके पर पहुंच गए और मरीजों को शांत किया। बाद में दोनों चिकित्सकों से पूछताछ की गई और अपने व्यवहार को सुधारने के आदेश दिए।
मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में उपचार करवाने आए मरीज राजबाला, नरेश कुमार, सतबीर सिंह, भतेरी देवी, सुदेश, सुनीता आदि ने बताया कि वे वीरवार को मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में उपचार करवाने आए थे। करीब दो घंटे तक किसी भी चिकित्सकों ने उनको नहीं देखा। 65 नंबर रूम में बैठे चिकित्सक ने कहा कि 66 नंबर में दिखा लो, जब 66 नंबर वाले चिकित्सक के पास गए तो उन्होंने कहा कि 65 नंबर कमरे में चिकित्सक को दिखाओ।
दोनों रूम में बैठे चिकित्सकों ने दरवाजे बंद कर लिए और चिकित्सकों की आपसी खींचतान का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ गया। मरीजों ने चिकित्सकों की आपसी गुटबाजी के चलते मेडिसन विभाग के आगे प्रदर्शन कर दिया।
मेडिसन विभाग में करीब छह चिकित्सक मरीजों की जांच कर रहे हैं। किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। बड़े-बड़े घरों में छोटे-छोटे मामले होते ही रहते हैं।
डॉ. पंडित नजीर अहमद, एमएस मेडिकल
मेरे सामने ऐसा कोई मामला नहीं आया है। अगर मरीजों के साथ ऐसा हुआ है तो उसकी जांच करेंगे।
डॉ. गोपाल सिंघल, निदेशक मेडिकल कॉलेज अग्रोहा