हिसार। सातरोड क्षेत्र में प्रस्तावित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण को लेकर मंगलवार को निगमायुक्त नीरज की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कंसल्टेंसी एजेंसी ने ऑडिटोरियम के अलग-अलग डिजाइन प्लान दिए हैं, जिसमें निगम की ओर से एक डिजाइन को फाइनल किया जाएगा।
निगमायुक्त ने बताया कि ऑडिटोरियम स्वर्ण जयंती पार्क के सामने, करीब एक एकड़ दो कनाल भूमि पर निर्मित किया जाएगा। इसमें लगभग एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी। यह भवन सभी आवश्यक एवं आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रहेगा, जिसमें साउंडप्रूफ हॉल, डिजिटल ऑडियो-वीडियो सिस्टम, एलईडी लाइटिंग, सेंट्रल एयर कंडीशनिंग, स्टेज सिस्टम, व्हीलचेयर एक्सेस, वीआईपी रूम, कैफे, पार्किंग, फायर सेफ्टी सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। ऑडिटोरियम को ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल भी होगा।
निगमायुक्त नीरज ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से एक ऐसे बहुउद्देश्यीय स्थल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सके। सातरोड में बनने वाला ऑडिटोरियम इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इसका उपयोग नगर निगम द्वारा संचालित जन-जागरूकता कार्यक्रमों, स्कूलों और संस्थानों के सांस्कृतिक आयोजन, पुरस्कार समारोह और प्रशिक्षण सत्रों के लिए किया जाएगा। बैठक में चीफ इंजीनियर बीरेंद्र कुमार, एसई सतीश गर्ग, एक्सईएन जयबीर डूडी और एमई अमित बेरवाल शामिल रहे।
-
प्रतिभा दिखाने के लिए मिलेगा बेहतर मंच
शहर में एक नया ऑडिटोरियम बनना हमारे नागरिकों के लिए गर्व की बात है। इससे न केवल सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच भी मिलेगा। नगर निगम का प्रयास है कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस हो और शहर के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। - प्रवीण पोपली, मेयर , नगर निगम हिसार।
-
शहर में आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण न केवल विकास का प्रतीक है, बल्कि यह स्थानीय युवाओं को अपने हुनर को निखारने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगा। यह परियोजना नगर निगम के समर्पण को दर्शाती है। मेरे लिए ओर खुशी की बात यह है कि यह ऑडिटोरियम मेरे निर्वाचन क्षेत्र में बनेगा। - रणबीर गंगवा, पीडब्ल्यूडी मंत्री, हरियाणा