हिसार- डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सर्वेश अस्पताल का भ्रमण करते हुए
हिसार। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हिसार शहर अब गुरुग्राम के बराबर पहुंच रहा है। आने वाले समय में एयरपोर्ट विकसित होने के बाद स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक विस्तार होगा। हिसार हेल्थ सिटी के तौर पर भी अपनी पहचान बनाएगा। हिसार अब सिर्फ स्टील सिटी नहीं रहा अब यह हेल्थ सिटी के तौर पर भी अपनी पहचान बना रहा है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लेवल से मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचेंगे। यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर काफी तेजी से बदल रहा है। एयरपोर्ट, एलिवेटेड रोड, रेल कॉरिडोर के बाद दिल्ली के मरीज भी हिसार में आएंगे।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला एवं श्रम मंत्री अनूप धानक शनिवार देर शाम सेक्टर 14 स्थित सर्वेश अस्पताल पहुंचे। अस्पताल संचालक डाॅ. उमेश कालरा, डाॅ. सरिता कालरा ने अस्पताल का भ्रमण कराते हुए अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा की पिछले दो दशकों से हिसार स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। जो इंफ्रास्ट्रक्चर हम गुरुग्राम में देखते थे वह इंफ्रास्ट्रक्चर डॉ. उमेश कालरा और उनकी टीम ने हिसार में बना दिया है।