हांसी। जिला बनने के सात महीनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार हांसी की सेहत को प्रशासनिक संजीवनी मिल गई है। उपमंडलस्तरीय नागरिक अस्पताल को जिलास्तरीय अस्पताल का रूप प्रदान किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव के आदेशानुसार 85 पदों की स्वीकृति की घोषणा की गई है। एक सिविल सर्जन और पांच डिप्टी सिविल सर्जन समेत 67 नियमित और 18 अनुबंध आधारित कर्मियों की तैनाती होगी। 40 पद सिविल सर्जन कार्यालय, 41 पद मलेरिया विभाग और 6 पद और टीबी अस्पताल के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
नियमित पदों में सिविल सर्जन, उप सिविल सर्जन (चिकित्सा) के चार, उप सिविल सर्जन (दंत) का एक, वरिष्ठ स्केल स्टेनोग्राफर, स्टेनो टाइपिस्ट के दो, अकाउंटेंट/असिस्टेंट के चार, क्लर्क/कंप्यूटर असिस्टेंट/कैशियर के आठ, वरिष्ठ स्टोरकीपर/स्टोरकीपर के तीन, ड्राइवर तीन, स्टेटिस्टिकल असिस्टेंट के तीन, कंप्यूटर क्लर्क के तीन पद स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा मुख्य फार्मेसी अधिकारी, लेखा अधिकारी, सहायक जिला अटॉर्नी, अधीक्षक, जूनियर स्टैटिस्टिकल नोसोलॉजिस्ट और सैनिटरी मलेरिया इंस्पेक्टर के एक-एक पद शामिल हैं। चार डेटा एंट्री ऑपरेटर, चतुर्थ श्रेणी के 12 पद भरे जाएंगे। चतुर्थ श्रेणी में आठ चपरासी और चार स्वीपर सह चौकीदार शामिल हैं। इस मंजूरी के साथ कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। इन पदों पर होने वाला खर्च वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान के तहत किया जाएगा। संस्था के भवन निर्माण से पूर्व मामले में शामिल पूंजीगत खर्च के लिए स्थायी वित्त समिति का अनुमोदन प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
जानें... किस विभाग के लिए कितने पद हुए स्वीकृत :
इसके अलावा मलेरिया विभाग के सुचारु संचालन के लिए नियमित आधार पर 21 पद सृजित किए गए हैं। इनमें 1 पद डिप्टी सिविल सर्जन, 1 बायोलॉजिस्ट, 2 मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, 6 एमपीडब्ल्यू (पुरुष) व हेल्थ इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं। 1 डाटा एंट्री ऑपरेटर अनुबंध आधार पर रखा जाएगा। टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के लिए नियमित आधार पर 6 पद सृजित हुए हैं जिनमें 1 डिप्टी सिविल सर्जन, 1 स्टेटिस्टिकल असिस्टेंट, 1 अकाउंटेंट और क्लर्क शामिल हैं। इस विंग में भी 1 डाटा एंट्री ऑपरेटर अनुबंध पर नियुक्त होगा। फिलहाल यहां दो एसएमओ व 11 एमओ के पद स्वीकृत थे जिसमें यहां दो एसएमओ व सात एमओ तैनात हैं।
कार्यालय ढूंढने की कवायद शुरू
स्थानीय नागरिक अस्पताल प्रशासन ने सिविल सर्जन कार्यालय अलग बनाने के लिए शुक्रवार से ही शहर में खाली पड़े सरकारी कार्यालयों की तलाश शुरू कर दी है। नगर परिषद के ऐतिहासिक किले के समीप पुराने भवन का निरीक्षण किया गया। भवन पुराना होने के कारण इसका चयन नहीं हुआ। अब जल्दी ही अन्य कोई भवन चयन किया जाएगा। हांसी का मौजूदा अस्पताल 50 बेड का है। इसमें अन्य स्टाफ के लिए अभी जगह नहीं है। हालांकि अस्पताल को 100 बेड बनाया जाना है। इसके लिए नया भवन भी बनेगा। भवन का अभी नक्शा मंजूर नहीं हुआ है। भवन बनने में एक से दो वर्ष का समय लग सकता है।
:::::::::::::::::
उपमंडल स्तरीय नागरिक अस्पताल को जिला अस्पताल बनाया गया है। इसके साथ ही सिविल सर्जन सहित विभिन्न पद स्वीकृत हो गए हैं। इसके लिए औपचारिक आदेश आ गए हैं।- डॉ राजीव डाबला, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।