एसपी ऑफिस के सामने वकील सिटी सेंटर की पांच मंजिला बिल्डिंग के ऊपरी दो फ्लोर ध्वस्त किए जाएंगे। दोनों फ्लोर को ध्वस्त करने बारे कमिश्नर के आदेश हो चुके हैं। नगर निगम ने बिल्डिंग मालिक को नोटिस थमाया है। नोटिस में बिल्डिंग मालिक के पास केवल 7 दिन का समय है। जिसके तहत या तो वह अपनी बिल्डिंग खुद ध्वस्त कर ले वरना फिर नगर निगम बिल्डिंग ध्वस्त करवाएगा।
21 अप्रैल तक का दिया समय
निगम अधिकारियों का कहना है कि नोटिस में 7 दिन का समय दिया गया है। यह समय सीमा 21 अप्रैल तक है। 22 अप्रैैल को फिर नगर निगम कार्रवाई करेगा। निगम अधिकारियों का कहना है कि एमएस स्काईवे इंटरप्राइसिस वकील सिटी सेंटर ने पांचवीं मंजिल तक आगे के कुछ हिस्से का नक्शा तो पास करवा लिया मगर उसके पीछे भी निर्माण कर दिया।
सील 13 भवनों की होगी सुनवाई आज
निगम अधिकारियों की माने तो नगर निगम कमिश्नर अशोक बंसल के समक्ष सील किए गए भवन मालिकों की मंगलवार को पेशी होगी। निगम में करीब 13 भवन मालिकों को सुनवाई पर बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुनवाई के बाद ये तय है कि या तो बिल्डिंग मालिक अपना निर्माण खुद तोड़कर ठीक कर लेगा नहीं तो इन्हें ध्वस्त किया जाएगा।
कमिश्नर सख्त, होगी पहली कार्रवाई
गलत तरीके से बिल्डिंग निर्माण को लेकर कमिश्नर अशोक बंसल सख्त नजर आ रहे हैं। बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों को उन्होंने पहली बार निगम में ज्वाइन करते ही साफ कहा था कि या तो कोई बिल्डिंग सील होगी ही नहीं अगर होगी तो फिर वो खुलेगी ही नहीं। उनके आने के बाद और लंबे समय बाद इस तरह की यह पहली कार्रवाई होगी।
पीएलए के सामने एक बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से की चौथी व पांचवीं मंजिल बिना किसी नक्शे के बनाई गई है। दोनों फ्लोर को डिमोलिश किया जाएगा। फिलहाल सात दिन का बिल्डिंग मालिक को समय दिया गया है इसके बाद निगम अपनी कार्रवाई करेगा।
- अशोक बंसल, कमिश्नर नगर निगम।