हरियाणा के हिसार जिले में आदमपुर उपचुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी तथा भाजपा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद दोनों पार्टियों की आईटी सेल ने मोर्चा संभाल लिया है। जमीनी लड़ाई से पहले सोशल मीडिया पर चुनावी संग्राम शुरू हो गया है। आईटी के मामले में दोनों पार्टी की प्रचार विंग काफी मजबूत तथा सक्रिय हैं। फेसबुक, ट्विटर पर प्रत्याशियों की ओर से सबसे ज्यादा चुनावी हमले किए जा रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई की बजाय उनके पिता कुलदीप बिश्नोई के ट्विटर से आम आदमी पार्टी को एसवाईएल के पानी को लेकर घेरा जा रहा है। आदमपुर हरियाणा के बॉर्डर पर है। यहां कुछ गांवों में नहरी पानी की काफी समस्या है। बुड़ाक, बालसमंद में तो पेयजल को लेकर भी दिक्कत रहती है। इन गांवों के लोग पंजाब की ओर से पानी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में यह मुद्दा लोगों को प्रभावित कर रहा है।
यह भी पढ़ें : आदमपुर उपचुनाव: भव्य बिश्नोई के पोस्टरों में JJP नेताओं की फोटो नहीं, कल अपने पत्ते दिल्ली में खोलेगी पार्टी
आम आदमी पार्टी कुलदीप बिश्नोई को आदमपुर से बाहर रहने के मुद्दे पर घेर रही है। भव्य तथा कुलदीप बिश्नोई के पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। इन पुराने वीडियो में कुलदीप बिश्नोई सीएम मनोहर लाल को अपरिपक्व तथा घमंडी नेता बता रहे हैं।
भव्य बिश्नोई सरकार के 600 दिन पूरा होने पर जारी किए गए वीडियो संदेश में सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रहे थे। आप की ओर से स्कूलों, अस्पतालों की फोटो के साथ ट्वीट कर पूछा जा रहा है कि आपके बच्चों के लिए सरकारी स्कूल भी नहीं, कुलदीप के बेटे के लिए विदेश की पढ़ाई। आप अपने बच्चों का भविष्य बर्बाद कर ऐसे लोगों को कब तक चुनते रहेंगे।
सोशल मीडिया से कांग्रेस गायब
कांग्रेस की ओर से अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। जिस कारण कांग्रेस सोशल मीडिया पर भी सक्रिय नहीं है। कांग्रेस का उम्मीदवार बनने के लिए बालसमंद के निवासी किसान नेता कुरड़ाराम ने 11 अक्तूबर को बैठक बुलाई है। जिसमें चुनाव को लेकर निर्णय लिया जाएगा। प्रदीप बैनीवाल टिकट के लिए प्रयास कर रहे हैं। पूर्व मंत्री जयप्रकाश तथा पूर्व मंत्री संपत सिंह खुद कह रहे हैं कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते।