शरद पूर्णिमा के अवसर पर अग्रोहा में वार्षिक मेला में वैश्य समाज के लोग जुटे, राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. सुभाष चंद्रा, यूपी के उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मेले में आए। उद्योगपतियों को यूपी आने का आह्वान किया।
राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. सुभाष चंद्रा ने कहा कि पूरे देश का वैश्य समाज एकजुट है। समाज को आगे लाने के लिए सहायता कोष बनाया गया है। इस कोष में प्रथम चरण में करीब 100 करोड़ रुपये इकट्ठे करके जरूरतमंदों की सहायता की जाएगी। समाज में किसी व्यक्ति को कोई तकलीफ हो या किसी व्यक्ति को मजबूरी में रुपयों की जरूरत पड़ती है तो उसे इस कोष से एक लाख रुपये तक की मदद अग्रोहा धाम की ओर से सहायता के रूप में बिना ब्याज के दी जाएगी। तकलीफ दूर होने पर वह व्यक्ति अगर इकट्ठे रुपये जमा नहीं करवा सकता है, तो हर रोज 100 रुपये जमा करवाने होंगे।
विज्ञापन
शरद पूर्णिमा के अवसर पर हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा में लगे वार्षिक मेला में जुटे वैश्य समाज के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि व राज्यसभा के पूर्व सदस्य डॉ. सुभाष चंद्रा ने कहा कि अग्रोहा धाम जो 30 एकड़ में बना हुआ है, उसका करोड़ों रुपये से विकास कार्य हो रहा है। विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
वैश्य समाज की मदद के लिए बने कोष की चर्चा करते हुए पूर्व चंद्रा ने कहा कि समाज का कोई भी सदस्य संस्था के साथ जुड़ना चाहता है तो वह अपनी इच्छा अनुसार 500-1000 रुपये तक की अपनी नेक कमाई में से जमा करवाकर पुण्य का भागी बन सकता है। डॉ. चंद्रा ने कहा कि प्रयास होगा कि अगले साल शरद पूर्णिमा के वार्षिक मेले के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री को इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बुलाया जाए।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि व यूपी के उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी ने 51 लाख रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि उद्योगपति यूपी में उद्योग लगाएं। सरकार हर प्रकार की सहायता करेगी। नंदी ने कहा कि यूपी में व्यापारियों की सहायता के लिए 24 घंटे के तैयार हूं।
अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि देश में अग्रोहा धाम वैश्य समाज की इकाईयों का विस्तार किया जा रहा है। समाज के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए देश के उद्योगपतियों से बातचीत की जा रही है। पूरे देश के अंदर वैश्य समाज की युवा टीम का जल्द गठन कर दिया जाएगा। समाज से अपील है कि वह विवाह में फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाए।