नारनौंद। गांव कापड़ो निवासी रविंद्र के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि रविंद्र कापड़ो निवासी पत्नी ममता पर उसकी मायके की जमीन बेचने का दबाव डाल रहा है और कहता है कि जमीन के पैसों से उसे कार खरीदनी है। आरोपी रविंद्र खुद बीटेक पास है और प्राइवेट कंपनी में 70 हजार रुपए महीना तनख्वाह पर नौकरी करता है।
ममता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता अजीत सिंह की 2003 में मौत हो चुकी है। वह सिर्फ दो बहनें हैं। ममता और उसकी छोटी बहन पूजा की शादी 8 जनवरी 2019 को रविंद्र व उसके छोटे भाई जोगेंद्र के साथ हुई थी। ममता के अनुसार, उनकी शादी में मां ने 18 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के कुछ दिन बाद ही ममता को पता चला कि रविंद्र शराब का आदी है और दिल्ली प्राइवेट नौकरी में काम करता है। शादी के कुछ समय बाद ही रविंद्र दहेज की मांग को लेकर उस पर टिप्पणियां करने लगा। जब ममता ने उससे इस बारे में बात की तो रविंद्र ने कहा कि वह बीटेक पास है, 70 हजार महीना वेतन लेता है जबकि वह सिर्फ बीए पास है। वह उसके लायक नहीं है। अगर वह ससुराल आना चाहती है तो मायके में अपने हिस्से की जमीन बेचकर पैसे उसे लाकर दे। इस पैसे से वह कार खरीदेगा और उसके बाद ही उसे ससुराल लेकर जाएगा।
---
सिंचाई विभाग की टीम पर हमला कर्मचारी घायल, मामला दर्ज
गांव कोथ कलां में टूटे हुए माइनर को बंद करने के लिए सिंचाई विभाग के कर्मचारी पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। इससे एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में किसानों पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
सिंचाई विभाग की टीम बुधवार को गांव कोथ कलां के खेतों की माइनर में आई दरार को पाटने गई थी। वहां मौजूद कोथ कला निवासी किसान सोनू, देवा सिंह व अन्य ने कहा कि वह माइनर को बंद नहीं करने देंगे। इस पर किसानों व कर्मचारियों में बहस हो गई। इसी बीच किसानों ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिसमें बेलदार रामेंद्र घायल हो गया और बाकी कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। वहीं हमले में घायल रामेंद्र को नारनौंद के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। यहां से उसे हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विभाग के एसडीओ ने इस संबंध में नारनौंद पुलिस थाने में शिकायत दी है।
--
वर्जन
कोथ कलां गांव में सोमवार सुबह भी माइनर टूट गई थी। उस दिन भी टीम इस माइनर को पाटने के लिए गई तो वहां पर मौजूद ग्रामीणों ने इसका विरोध किया था। बुधवार को दोबारा से नहरी विभाग बड़नपुर की टीम ठीक करने गई थी। उसी दौरान वहां पर मौजूद लोगों ने बेलदार रामेंद्र के कंधे पर कस्सी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य सदस्यों को भी धमकी देते हुए वहां से भगा दिया और माइनर में आई दरार को पाटने नहीं दिया।
अजय सिहाग, एसडीओ, सिंचाई विभाग
---
वर्जन
एसडीओ की शिकायत पर दो नामजद व चार अन्य किसानों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार लिया जाएगा।
उमेद सिंह, थाना प्रभारी