हिसार। सिटी थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी राकेश कुमारी ने बताया कि थाना शहर हिसार में पीड़िता की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार करीब पांच महीने पहले अपने मामा के घर जाने के दौरान उसकी मुलाकात सुरेंद्र से हुई थी। आरोपी सुरेंद्र ने दोस्ती और प्यार का नाटक करते हुए पीड़िता का मोबाइल नंबर लिया और लगातार शादी करने का वादा करता रहा।
अप्रैल माह में आरोपी ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर हिसार बस स्टैंड के पास स्थित होटल में बुलाया और वहां शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब पीड़िता और उसके परिजनों ने शादी का दबाव बनाया। इस पर आरोपी के परिवार ने हामी भरते हुए विवाह की तारीख तय कर दी जिसके कार्ड भी छप चुके थे लेकिन तय तारीख को आरोपी और उसके परिजनों ने साफ तौर पर शादी करने से मना कर दिया और मुकर गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी।